सावधान! दिल्ली-NCR में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का अलर्ट, सफर में हो सकती है दिक्कत
IMD ने दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। यात्रा और यातायात पर असर पड़ सकता है।

सर्दियों की दस्तक के साथ ही अब दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 और 27 नवंबर को दिल्ली-NCR में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस घने कोहरे के साथ तापमान में भी भारी गिरावट आएगी, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी।
सिर्फ राजधानी ही नहीं, बल्कि हरियाणा और चंडीगढ़ में भी इसी अवधि के दौरान घने कोहरे की संभावना जताई गई है। वहीं, पंजाब में 24 से 27 नवंबर और हिमाचल प्रदेश में 24 से 26 नवंबर के बीच मौसम के ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है। दिल्ली-NCR में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
यातायात और सफर पर पड़ेगा असर
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि सुबह के समय विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम हो सकती है। इसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ने की आशंका है। फ्लाइट्स की देरी और ट्रेनों के समय में बदलाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सुबह जल्दी या देर रात के समय यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।