नांगली विहार में खुला मैनहोल बना काल, खेलते समय अंदर गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू जारी
दिल्ली के नांगली विहार में खेलते समय 4 साल का मासूम खुला मैनहोल में गिर गया। NDRF और BSF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं।

दिल्ली के बाहरी इलाके में स्थित नांगली विहार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां दास गार्डन कॉलोनी के पास एक 4 साल का मासूम बच्चा खेलते समय अचानक खुले मैनहोल में गिर गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई। बच्चे को ढूंढने के लिए अब एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसमें कई एजेंसियां एक साथ जुटी हुई हैं।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि उनका बेटा इमरान पार्क में खेलने आया था। इसी दौरान वह पेशाब करने के लिए सीवर के पास गया, जहां मैनहोल का ढक्कन खुला हुआ था और वह अचानक उसमें फिसलकर अंदर चला गया। जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर भीड़ जमा हो गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू के लिए NDRF और BSF की टीमें तैनात
इस गंभीर हादसे के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को सुबह करीब 9:45 बजे सूचना मिली, जिसके बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF), दिल्ली पुलिस, दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की टीमों को भी तैनात किया गया है।
एसडीएम रजत मल्होत्रा ने बताया कि प्रशासन बच्चे को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। रेस्क्यू टीम सीवर लाइन के अंदर जाकर बच्चे की तलाश कर रही है। इस ऑपरेशन में सक्शन पंप और स्कैनिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि बच्चे की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन अभी तक बच्चा मिल नहीं पाया है।