दिवाली से पहले बड़ी कार्रवाई: मोरी गेट मार्केट में 7000 किलो मिलावटी खोया नष्ट, CM रेखा गुप्ता ने संभाली कमान
दिवाली से पहले दिल्ली सरकार ने मोरी गेट मार्केट में बड़ी कार्रवाई करते हुए 7000 किलो असुरक्षित खोया नष्ट किया। सीएम रेखा गुप्ता ने खुद निरीक्षण किया।

दिवाली और अन्य त्योहारों के आने से पहले दिल्ली सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट खोया मार्केट में एक बड़ा अभियान चलाया, जिसके तहत करीब 7,000 किलोग्राम असुरक्षित और बदबूदार खोया जब्त कर उसे नष्ट कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई का निरीक्षण खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी घटिया क्वालिटी का सामान आम जनता की थाली तक न पहुंचे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से ऑपरेशन की बारीकियों को समझा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। सीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के समय लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावट करने वाले चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल टेस्टिंग लैब ने पकड़ी मिलावट की पोल
इस अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार से 44 सर्विलांस सैंपल लिए। इन सैंपल्स की जांच 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' मोबाइल टेस्टिंग यूनिट के जरिए मौके पर ही की गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि 44 में से 35 सैंपल प्राथमिक जांच में ही फेल हो गए। प्रारंभिक जांच में खोए में मिल्क पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग एजेंट जैसे संदिग्ध पदार्थों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। विस्तृत जांच के लिए दो सैंपल लैब भेजे गए हैं।
यह मोरी गेट खोया मार्केट में विभाग का चौथा बड़ा ऑपरेशन था। इससे पहले सितंबर और अक्टूबर महीने में भी इसी तरह की छापेमारी की गई थी, जिसमें कुल 3,960 किलो खोया नष्ट किया गया था। अब नवंबर की इस ताजा कार्रवाई के बाद नष्ट किए गए खोए की कुल मात्रा 10,660 किलोग्राम तक पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की सतर्कता और मेहनत की सराहना की और उन्हें इसी तरह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में उन लोगों के लिए कोई जगह नहीं है जो मिलावट के जरिए लोगों की दिवाली की खुशियों को खराब करना चाहते हैं।