दिल्ली मेट्रो का बड़ा कदम: अब मोबाइल से होगी एंट्री और एग्जिट, मिलेगा डिस्काउंट

दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ल मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नया वर्चुअल स्मार्ट कार्ड सिस्टम शुरू किया है। इस नई सुविधा के तहत अब यात्री बिना किसी प्लास्टिक कार्ड के सीधे अपने मोबाइल फोन से QR कोड के जरिए मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट कर सकेंगे। यह नया वर्चुअल स्मार्ट कार्ड 'Delhi Metro Sarthi 2.0' ऐप के साथ-साथ WhatsApp, PayTM, One Delhi, Amazon और PhonePe जैसे अधिकृत ऐप पार्टनर्स पर भी उपलब्ध है, जिसकी मदद से यात्री आसानी से QR टिकट बुक कर सकते हैं।
वर्चुअल स्मार्ट कार्ड पर मिलने वाली छूट और नियम
इस वर्चुअल स्मार्ट कार्ड के इस्तेमाल पर यात्रियों को किराए में स्टैंडर्ड 10% की छूट मिलती है। इसके अलावा, सोमवार से शनिवार तक नॉन-पीक आवर्स यानी सेवा शुरू होने से सुबह 8:00 बजे तक, दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक और रात 9:00 बजे के बाद अतिरिक्त 10% की छूट दी जाती है, जिससे कुल बचत 20% तक हो सकती है। प्रत्येक कार्ड की शुरुआती वैल्यू 150 रुपये है, इसके लिए कोई सिक्योरिटी डिपॉजिट नहीं देना होता है और यह अंतिम बार पैसे जोड़ने की तारीख से पांच साल तक वैध रहता है। मेट्रो सिस्टम में एंट्री के लिए न्यूनतम 40 रुपये का बैलेंस होना अनिवार्य है और यह वर्चुअल स्मार्ट कार्ड एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर काम नहीं करेगा।
जरूरी शर्तें और पेनल्टी से जुड़े नियम
यात्रियों को यह ध्यान रखना होगा कि वर्चुअल स्मार्ट कार्ड का बचा हुआ बैलेंस रिफंड नहीं किया जाता है। यदि कोई यात्री एंट्री और एग्जिट के बीच किसी एक ही स्टेशन पर 20 मिनट से ज्यादा समय तक रहता है, तो उस पर प्रति घंटे 10 रुपये और अधिकतम 50 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। गलत एग्जिट के लिए 30 रुपये तक का अतिरिक्त चार्ज भी लिया जा सकता है। यदि किसी यात्री का मोबाइल फोन खो जाता है, उसकी बैटरी खत्म हो जाती है, स्क्रीन टूट जाती है या फोन हैग हो जाता है, तो उसे बिना वैध टिकट के यात्रा करता हुआ माना जाएगा। एंट्री/एग्जिट में कोई गड़बड़ी होने या बैलेंस कम होने पर यात्रियों को कस्टमर सर्विस सेंटर से संपर्क करने या अपना कार्ड रिचार्ज करने की सलाह दी गई है।