भ्रष्टाचार मुक्त भारत की ओर कदम: दिल्ली मेट्रो मनाएगा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026
DMRC भ्रष्टाचार मिटाने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाएगा।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने और प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए एक बड़ी पहल की है। DMRC ने आगामी 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक दिल्ली मेट्रो सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाने की आधिकारिक घोषणा की है। इस पूरे अभियान का मुख्य उद्देश्य "सत्यनिष्ठा से समृद्धि" (Integrity for Prosperity) के राष्ट्रीय मिशन को आगे बढ़ाना है।
केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत 26 अक्टूबर की सुबह 11:00 बजे होगी। इस मौके पर सभी सरकारी कर्मचारी 'सत्यनिष्ठा की शपथ' लेंगे। DMRC ने अपने आधिकारिक हैंडल @OfficialDMRC के जरिए आम जनता से भी अपील की है कि वे ईमानदारी को अपनाएं और भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में अपना सहयोग दें।
कर्मचारियों और परिवारों की भागीदारी पर जोर
इस अभियान को केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं रखा गया है। DMRC अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों को भी CVC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ई-प्लेज (e-Pledge) लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। जागरूकता बढ़ाने के लिए पूरे सप्ताह के दौरान कई खास गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं:
- विभिन्न कार्यशालाएं और संवेदीकरण कार्यक्रम।
- भ्रष्टाचार विरोधी उपायों पर केंद्रित वाद-विवाद प्रतियोगिताएं।
- कर्मचारियों की जागरूकता परखने के लिए क्विज़ प्रतियोगिताएं।
गौरतलब है कि यह जागरूकता सप्ताह एक बड़े अभियान का हिस्सा है। DMRC 17 अगस्त 2026 से एक तीन महीने का 'निवारक सतर्कता अभियान' (Preventive Vigilance Campaign) चला रहा है, जो 16 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस व्यापक अभियान के जरिए लंबित शिकायतों के निपटारे, डिजिटल पहल, कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट और स्टाफ की क्षमता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।