दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन: इसी साल दिसंबर तक शुरू होगा तुगलकाबाद-संगम विहार रूट

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने फेज-4 के गोल्डन लाइन कॉरिडोर पर बड़े काम की जानकारी दी है। तुगलकाबाद से संगम विहार तक का 8.4 किलोमीटर लंबा हिस्सा दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है। यह हिस्सा 23.6 किलोमीटर लंबे एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का एक भाग है, जिसका सिविल कंस्ट्रक्शन 83% पूरा हो चुका है।
डीएमआरसी के मुख्य कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने पुष्टि की है कि तुगलकाबाद-संगम विहार खंड को साल के अंत में लॉन्च किया जाना है। इस कॉरिडोर का निर्माण कार्य जून 2022 में शुरू हुआ था जिसमें टनलिंग का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है। वर्तमान में ट्रैक बिछाने, ओवरहेड इलेक्ट्रिफ़िकेशन, सिग्नलिंग और इंटीरियर फिनिशिंग का काम चल रहा है।
इस खंड में कुल चार स्टेशन शामिल हैं जिनमें तुगलकाबाद, तुगलकाबाद रेलवे कॉलोनी, आनंदमयी मार्ग जंक्शन और संगम विहार हैं। इनमें से पहले तीन स्टेशन अंडरग्राउंड हैं, जबकि संगम विहार एक एलिवेटेड स्टेशन है। तुगलकाबाद स्टेशन वायलेट लाइन को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज पॉइंट बनेगा।
संगम विहार और अंबेडकर नगर के बीच 2.4 किलोमीटर लंबा डबल-डेकर सेक्शन भी बन रहा है। सिविल काम पूरे होने के बाद इस सेक्शन का कड़ा सुरक्षा निरीक्षण और ट्रायल रन किया जाएगा। कॉरिडोर के बाकी हिस्से इसके बाद के चरणों में शुरू किए जाएंगे।