दिल्ली MCD चेयरपर्सन ने कमिश्नर को लिखा पत्र, साफ-सफाई और आवारा पशुओं पर दिए सख्त निर्देश

Kittu Kumari10 August 20262 min read168 viewsDelhi Local
दिल्ली MCD चेयरपर्सन ने कमिश्नर को लिखा पत्र, साफ-सफाई और आवारा पशुओं पर दिए सख्त निर्देश

दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (MCD) स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्य शर्मा ने सोमवार, 10 अगस्त को MCD कमिश्नर संजीव खिरवार को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में दिल्ली की सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठाने और सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्याओं पर विशेष जोर दिया गया है। दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान इन मुद्दों को उठाया गया था, जिसके बाद यह पत्र लिखा गया है।

सफाई व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश


सत्य शर्मा ने अपने पत्र में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिल्ली के सभी इलाकों में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़कों और गलियों की समय पर सफाई, कचरे का सही से उठान और निपटान करने तथा नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा है। सफाई में कमी पाए जाने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। जोनल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया गया है।

आवारा और बेसहारा पशुओं की समस्या


आवारा और बेसहारा पशुओं के संबंध में, सत्य शर्मा ने अधिकारियों को सड़क और मुख्य मार्गों से पशुओं को हटाने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था लागू करने को कहा है। इन पशुओं को तयशुदा गोशालाओं और अन्य उपयुक्त स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि सड़कों पर पशुओं के होने से ट्रैफिक प्रभावित होता है, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और जन सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और आवारा पशुओं को हटाने के लिए नियमित कार्रवाई की बात कही गई है

कार्रवाई की नियमित समीक्षा का आग्रह


अंत में, शर्मा ने कमिश्नर से अनुरोध किया है कि इन दोनों मुद्दों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने दोहराया कि साफ-सफाई में सुधार करना और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विधानसभा में उठाए गए जनहित के इन मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करना जरूरी है ताकि दिल्ली के लोगों को एक साफ और सुरक्षित माहौल मिल सके।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment