दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने हिंदू राव अस्पताल का किया दौरा, चिकित्सा व्यवस्था का लिया जायजा

Kittu Kumari24 September 20261 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने हिंदू राव अस्पताल का किया दौरा, चिकित्सा व्यवस्था का लिया जायजा

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने गुरुवार को हिंदू राव अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस निरीक्षण में उनके साथ अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमनलता मेहदीरत्ता, उपायुक्त कनिका और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने ओपीडी ब्लॉक, विभिन्न वार्डों, बाल चिकित्सा आपातकालीन ब्लॉक, आईसीयू और लेबर रूम का दौरा किया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत करके उनके इलाज और मिलने वाली सेवाओं की जानकारी ली। मेयर ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी मरीजों को समय पर जरूरी दवाइयां मिलें। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सुधारने, एलईडी लाइटें लगवाने और टूटी हुई बेंचों तथा रास्तों की तुरंत मरम्मत करने के निर्देश दिए।

मेयर ने लेबर रूम में आधुनिक सुविधाओं और सीटीजी मॉनिटर की जांच की तथा बाल चिकित्सा आपातकाल ब्लॉक के नवीनीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लगातार आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। अस्पताल में नई मशीनें लगाई गई हैं और आईसीयू की क्षमता को 8 बेड से बढ़ाकर 18 बेड किया जा रहा है।

अस्पताल के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए पुराने और जर्जर रेजिडेंस ब्लॉक को हटाकर लगभग 200 बेड का नया वार्ड ब्लॉक बनाने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार इन पहलों का उद्देश्य अस्पताल के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना और भविष्य में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करना है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment