गुरु पर्व: नगर कीर्तन रूट का मेयर परवेश वाही ने किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर दिया जोर
दिल्ली मेयर परवेश वाही और कमिश्नर ने गुरु पर्व नगर कीर्तन रूट का जायजा लिया और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

दिल्ली में गुरु पर्व के पावन अवसर पर निकलने वाले नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में सोमवार को मेयर परवेश वाही और म्युनिसिपल कमिश्नर संजीव खिरवार ने नगर कीर्तन के लिए निर्धारित रूट का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गुरुद्वारा सिसगंज साहिब से फतेहपुरी चौक तक के पूरे रास्ते का जायजा लिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और सफाई व्यवस्था चाक रहे।
सफाई और नागरिक सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मेयर और कमिश्नर ने रास्ते की स्वच्छता, कचरा हटाने की व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। इस मौके पर ओल्ड दिल्ली क्षेत्र की डिप्टी कमिश्नर कनिका, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। मेयर परवेश वाही ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई के लिए विशेष प्रोटोकॉल अपनाए जाएं और यदि कहीं भी कोई कमी नजर आए, तो उसे तुरंत ठीक किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल बिठाकर समय रहते तैयारियां पूरी करने को कहा।
मेयर ने इस बात पर जोर दिया कि गुरु पर्व न केवल एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह दिल्ली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का एक अभिन्न हिस्सा भी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए उन्होंने स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के बाद मेयर ने बताया कि कुल मिलाकर व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, लेकिन कुछ छोटी कमियां पाई गई हैं जिन्हें सुधारने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्हें भरोसा है कि निगम का स्टाफ पूरी मेहनत से काम करेगा ताकि नगर कीर्तन एक स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो। दौरे के अंत में मेयर परवेश वाही और कमिश्नर संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सिसगंज साहिब में मत्था टेका और दिल्लीवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।