प्रदूषण पर प्रहार: दिल्ली मेयर ने 12 एंटी-स्मॉग गन वाली गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी

राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और धूल के कणों से निपटने के लिए नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय से 12 नए मल्टी-पर्पज वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये गाड़ियां विशेष रूप से शहर की हवा को साफ रखने और धूल नियंत्रण के लिए तैयार की गई हैं, ताकि दिल्लीवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
इन आधुनिक वाहनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि कई काम एक साथ करेंगे। हर गाड़ी में एक शक्तिशाली एंटी-स्मॉग गन, वॉटर स्प्रिंकलर और जेटिंग सिस्टम लगाया गया है। साथ ही, इनमें 7,000 लीटर की पानी की टंकी है, जो सड़कों की सफाई और धूल को दबाने में मददगार साबित होगी। मेयर प्रवेश वाही ने इस मौके पर कहा कि एमसीडी आधुनिक तकनीक और मशीनों के जरिए दिल्ली की वायु गुणवत्ता (Air Quality) में सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सिर्फ धूल ही नहीं, नालों और टॉयलेट्स की भी होगी सफाई
ये मल्टी-पर्पज गाड़ियां केवल प्रदूषण कम करने तक सीमित नहीं रहेंगी। इनका इस्तेमाल सड़कों को धोने, नालों और पुलियों (culverts) की जेटिंग करने और सार्वजनिक शौचालयों की विशेष वॉशिंग गन से सफाई करने के लिए भी किया जाएगा। इससे नगर निगम की सेवाओं की दक्षता बढ़ेगी और सफाई व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
लागत और गुणवत्ता की बात करें तो, इनमें से प्रत्येक वाहन की कीमत 35.06 लाख रुपये है और इनकी अनुमानित उम्र 15 साल तय की गई है। इन मशीनों के रखरखाव के लिए 'ऑपरेशन और मेंटेनेंस' (O&M) मॉडल अपनाया गया है, ताकि ये लंबे समय तक बिना किसी रुकावट के काम कर सकें। खास बात यह है कि इन मशीनों की क्वालिटी जांच आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) द्वारा थर्ड पार्टी निरीक्षण के जरिए की गई है, जिससे इनकी विश्वसनीयता और बढ़ गई है।
इस कार्यक्रम के दौरान डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत, स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्य शर्मा, सदन के नेता जय भगवान यादव और कई अन्य वरिष्ठ नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे।