भलस्वा लैंडफिल साइट पर मेयर ने जांची बायो-माइनिंग की रफ्तार, जल्द खत्म होगा कचरे का ढेर
दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने भलस्वा लैंडफिल का दौरा कर बायो-माइनिंग की समीक्षा की। कचरे के ढेर को जल्द खत्म करने के लिए नई एजेंसी और 'वज्र' मशीन का सहारा लिया जाएगा।

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने गुरुवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा किया, जहां उन्होंने कचरा निस्तारण और बायो-माइनिंग के काम की जमीनी हकीकत जानी। मेयर ने अधिकारियों के साथ साइट का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि शहर को कचरे के इन पहाड़ों से कब तक पूरी तरह मुक्ति मिलेगी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर कचरा हटाने की प्रक्रिया को अब और तेज किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने बताया कि अब तक इस साइट से लगभग 10.2 मिलियन मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट (पुराना कचरा) प्रोसेस किया जा चुका है। हालांकि, अभी भी करीब 2.3 से 2.5 मिलियन मीट्रिक टन कचरा बाकी है, जिसे एक तय समय सीमा के भीतर पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य रखा गया है। काम की गति बढ़ाने के लिए मेयर ने एक नई एजेंसी के साथ अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) साइन करने की पुष्टि की है।
नई मशीन 'वज्र' से बढ़ेगी काम की रफ्तार
कचरे के ढेर को तेजी से खत्म करने के लिए दिल्ली नगर निगम अब आधुनिक तकनीक का सहारा लेगा। मेयर ने बताया कि साइट पर काम करने वाली मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी और इसमें 'वज्र' नाम की एक एडवांस मशीन को भी शामिल किया जाएगा, जिससे निस्तारण की प्रक्रिया और तेज होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि काम की प्रगति की समीक्षा रोजाना की जाए ताकि किसी भी तरह की देरी न हो।
मेयर ने केंद्र और दिल्ली सरकार के साझा प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भलस्वा साइट पर लगभग 30 प्रतिशत और ओखला लैंडफिल साइट पर करीब 60 प्रतिशत जमीन को सफलतापूर्वक रिकवर कर लिया गया है। अब इन खाली हुई जमीनों का भविष्य में किस तरह उपयोग किया जाएगा, इसकी योजना तैयार की जा रही है।
इस निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें म्युनिसिपल कमिश्नर संजीव खिरवार, एडिशनल कमिश्नर संजीव कुमार मित्तल, प्रसन्ना रामा स्वामी, नॉर्थ जोन डिप्टी कमिश्नर सचिन गुप्ता, आउटर नॉर्थ जोन डिप्टी कमिश्नर राघवेंद्र मीणा और चीफ इंजीनियर के.के. शर्मा शामिल थे।