दिल्ली: पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति गिरफ्तार, अफेयर को लेकर हुआ था विवाद

राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना घरेलू कलह और कथित तौर पर पति के बाहर संबंधों को लेकर उपजे विवाद का नतीजा थी।
घटना 27 सितंबर की है, जब पालम के जेजे कॉलोनी स्थित काली माता मंदिर के पास इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। शाम करीब 4:49 बजे पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला, जिसकी पहचान 30 वर्षीय सोनिया के रूप में हुई, उसे तुरंत इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि सोनिया के सीने और गर्दन पर कसाई वाले चाकू से कई गहरे वार किए गए थे।
अफेयर के शक में खूनी खेल
पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रदीप (36 वर्ष) की तलाश शुरू की, जो वारदात के बाद से ही फरार था। प्रदीप पेशे से बिरयानी स्टॉल चलाने वाला और ढोल बजाने वाला व्यक्ति है। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी निगरानी और मैनुअल सर्विलांस की मदद से उसे 2 अक्टूबर को द्वारका सेक्टर-20 इलाके से धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपी प्रदीप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसका और सोनिया का विवाह साल 2017 में हुआ था और उनके दो बेटे भी हैं। वारदात वाले दिन दोनों के बीच प्रदीप के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर (बाहरी संबंधों) को लेकर जोरदार बहस हुई। इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर प्रदीप ने चाकू से सोनिया पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पालम विलेज थाने में एक चश्मदीद के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब उस हथियार की बरामदगी की कोशिश कर रही है जिससे इस हत्या को अंजाम दिया गया, ताकि मामले की कड़ियां पूरी तरह जोड़ी जा सकें।