ACP और SHO के तबादले के बाद खत्म हुई वकीलों की हड़ताल, गुरुवार से फिर शुरू होगा न्यायिक कार्य

दिल्ली पुलिस द्वारा ACP और SHO के तबादले के बाद वकीलों ने न्यायिक कार्य से अपना बहिष्कार वापस लिया। अब गुरुवार से काम शुरू होगा।

Kittu Kumari28 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
ACP और SHO के तबादले के बाद खत्म हुई वकीलों की हड़ताल, गुरुवार से फिर शुरू होगा न्यायिक कार्य

दिल्ली के वकीलों ने पिछले दो दिनों से न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया हुआ था, लेकिन अब इस हड़ताल को खत्म करने का फैसला लिया गया है। ऑल दिल्ली बार एसोसिएशन की कोऑर्डिनेशन कमेटी ने बुधवार शाम को यह निर्णय लिया। यह कदम दिल्ली पुलिस द्वारा गांधी नगर के ACP और शाहदरा थाने के SHO के तबादले के बाद उठाया गया है।

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब वकील ललित बंसल के साथ हुई मारपीट और उन्हें गंभीर चोट लगने के बाद शाहदरा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई गई थी। वकीलों का आरोप था कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बजाय उन्हें छोड़ दिया और जब वकील इस मुद्दे पर जवाब मांगा, तो ACP मनस्वी वशिष्ठा ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें धमकाया। इसी नाराजगी के चलते दिल्ली के वकीलों ने काम बंद कर दिया था।

पुलिस और बार काउंसिल के बीच हुई हाई-लेवल मीटिंग

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इस विवाद को सुलझाने के लिए ITO स्थित पुराने पुलिस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस मीटिंग में तीन जॉइंट CP, DCP समेत दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (BCD) के चेयरमैन नितिन अहलावत, कोऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन नीरज और विजय बिश्नोई सहित कई अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक के बाद पुलिस ने निम्नलिखित कदम उठाए हैं:

  • तबादले: ACP मनस्वी वशिष्ठा को गांधी नगर (शाहदरा) से हटाकर SPUWAC में और इंस्पेक्टर अरुण कुमार (SHO शाहदरा) को सिक्योरिटी यूनिट में तैनात किया गया है।
  • जांच की समयसीमा: शाहदरा बार एसोसिएशन द्वारा पुलिस अधिकारियों के खिलाफ की गई शिकायतों की जांच दो महीने के भीतर पूरी की जाएगी।
  • गिरफ्तारी पर सख्ती: वकीलों पर हमला करने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही गई है। यदि वे नहीं पकड़े गए, तो उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) और लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी।
  • FIR का निपटारा: वकीलों के खिलाफ दर्ज FIR की जांच एक हफ्ते के भीतर पूरी कर ली जाएगी।

कोऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट नीरज ने एक सर्कुलर जारी कर सभी वकीलों से अपील की है कि वे तत्काल प्रभाव से न्यायिक कार्य फिर से शुरू करें। अब गुरुवार से दिल्ली की अदालतों में कामकाज सामान्य रूप से चलेगा।

Share:

Comments

Leave a comment