दिल्ली की 5 भाषा अकादमियों में नए सदस्यों की नियुक्ति, सीएम रेखा गुप्ता ने किया स्वागत
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की पांच भाषा अकादमियों के नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर जोर दिया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की पांच भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल में मनोनीत नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया है। शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने नए उपाध्यक्षों और सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने भरोसा जताया कि इन विशेषज्ञों के सामूहिक प्रयासों से दिल्ली की समृद्ध भाषाई, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को एक नई पहचान मिलेगी और राजधानी में सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
इस खास मौके पर दिल्ली के कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन काफी समय से लंबित था। उन्होंने बताया कि उपयुक्त नामों के चयन और विभिन्न पहलुओं पर सावधानीपूर्वक विचार करने के कारण इस प्रक्रिया में समय लगा। सीएम ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे मिलकर दिल्ली की भाषाओं, साहित्य और कला परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए काम करें।
'विकास के साथ विरासत' के विजन पर जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकास के साथ विरासत' के विजन पर काम कर रही है। पिछले दो वर्षों में सरकार ने जहां एक ओर विकास कार्यों में तेजी लाई है, वहीं सांस्कृतिक विरासत और भाषाई विविधता के संरक्षण को भी समान महत्व दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पूरे देश का प्रतिबिंब है और इसकी खूबसूरती इसकी विविधता और अपनेपन की भावना में निहित है।
सीएम ने जोर देकर कहा कि दिल्ली को केवल एक ट्रांजिट सिटी के रूप में नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक गंतव्य के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जहां दुनिया भर के लोग भारत की विविधता का अनुभव कर सकें। उन्होंने नए सदस्यों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि अब यह उनका कर्तव्य है कि वे साहित्यिक गतिविधियों, भाषा सम्मेलनों और सांस्कृतिक उत्सवों के माध्यम से इस विरासत को आम जनता तक पहुंचाएं।
वहीं, कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें उच्च मानक स्थापित करने चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि अकादमियां साहित्यिक राजनीति, गुटबाजी और वैचारिक विवादों से दूर रहकर निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ काम करें। उन्होंने युवा पीढ़ी को उनकी जड़ों और स्थानीय बोलियों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
बता दें कि दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति और भाषा विभाग ने हिंदी अकादमी, संस्कृत अकादमी, गढ़वाली-कुमाऊंनी-जौनसारी अकादमी, मैथिली-भोजपुरी अकादमी और पंजाबी अकादमी की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन किया है। इन पांचों अकादमियों में कुल 101 सदस्यों को मनोनीत किया गया है, जबकि मंत्री कपिल मिश्रा इनके अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।