दिल्ली: केशवपुरम में रफ्तार का कहर, तेज कार ने दो लोगों को कुचला

राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में रफ्तार का जानलेवा खेल एक बार फिर सामने आया है। केशवपुरम थाना इलाके के रामपुरा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों घायल सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया।
लापरवाही से बढ़ रहे सड़क हादसे
पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ। दिल्ली की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी तरह की एक अन्य दुखद घटना हाल ही में किशनगढ़ इलाके में भी हुई थी, जहां एक 17 साल के नाबालिग द्वारा चलाई जा रही लग्जरी कार ने एक पैदल यात्री की जान ले ली थी। उस हादसे में कार अनियंत्रित होकर तीन अन्य वाहनों से भी टकरा गई थी। पुलिस अब इन घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की कोशिश कर रही है।