दिल्ली के ज्वाला पुरी में बिल्डिंग में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे लोग
दिल्ली के ज्वाला पुरी इलाके में एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, कोई हताहत नहीं।

देश की राजधानी दिल्ली के ज्वाला पुरी इलाके में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन बिल्डिंग के कई हिस्सों में काफी नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नांगलोई के पास जनता मार्केट स्थित कैंप नंबर 1 की है। दोपहर करीब 12:31 बजे दमकल विभाग को सूचना मिली कि Y-725 और 726 नंबर की बिल्डिंग में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में एक वाटर टेंडर और एक वाटर बोउजर भेजा गया, लेकिन आग की स्थिति को देखते हुए जल्द ही अतिरिक्त गाड़ियां मंगवाई गईं। कुल मिलाकर तीन वाटर टेंडर और दो वाटर बोउजर ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम किया।
बिल्डिंग के तीन फ्लोर हुए प्रभावित
यह बिल्डिंग तीन मंजिला थी और करीब 355 वर्ग गज के क्षेत्र में फैली हुई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक एनजीओ (NGO) ऑफिस के फर्नीचर और पहली व दूसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा। दमकल विभाग के अधिकारी एसओ विनोद ने दोपहर करीब 2:11 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लेने का संदेश जारी किया।
बता दें कि दिल्ली में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे ठीक एक दिन पहले शुक्रवार शाम को करोल बाग के पूसा रोड पर भी एक बिल्डिंग में आग लग गई थी। उस घटना में भी पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी से किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, करोल बाग वाली घटना की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।