दिल्ली: ज्वेलरी शॉप में नौकरी कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो ज्वेलरी शॉप्स में नौकरी पाकर वहां से कीमती गहने पार कर देते थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान जिन्नात शेख और शेख अज़हर अली के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे।
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई बिंदापुर इलाके की एक ज्वेलरी शॉप से हुई चोरी की शिकायत के बाद की गई। 18 जुलाई को पीड़ित दुकानदार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस ने जब कड़ियां जोड़ीं, तो पता चला कि आरोपी एक खास तरीके (Modus Operandi) से काम करते थे। वे फर्जी पहचान बताकर ज्वेलरी स्टोर में नौकरी हासिल करते थे और जैसे ही मौका मिलता, गहने चुराकर फरार हो जाते थे।
पश्चिम बंगाल से दिल्ली तक फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि ये आरोपी केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा, राजस्थान और गुजरात में भी इसी तरह की चोरियां कर चुके हैं। पकड़े जाने से बचने के लिए वे लगातार अपने मोबाइल नंबर बदलते रहते थे। चोरी करने के बाद वे पश्चिम बंगाल भाग जाते थे और कुछ समय बाद फिर से दिल्ली लौटकर नई वारदातों की योजना बनाते थे।
पुलिस ने जब पश्चिम बंगाल में आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की, तो वहां से चोरी के कुछ गहने बरामद हुए। बरामद सामान में तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी झुमके और एक लॉकेट शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और उन्होंने अब तक कुल कितनी चोरी की है।