दिल्ली जल बोर्ड की बड़ी राहत: 3600 करोड़ रुपये से ज्यादा का सरचार्ज माफ, अब इस तारीख तक मिलेगा मौका
दिल्ली जल बोर्ड की सरचार्ज छूट योजना से लाखों उपभोक्ताओं को मिली राहत। अब 31 मार्च 2027 तक पुराने बिलों का निपटारा करने का मौका।

दिल्ली के लाखों उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की लेट पेमेंट सरचार्ज रिबेट स्कीम के जरिए अब तक 5.66 लाख से ज्यादा लोगों को भारी वित्तीय राहत मिली है। इस योजना के तहत बोर्ड ने अब तक कुल 3,618.73 करोड़ रुपये का बकाया सरचार्ज माफ कर दिया है। यह राहत रिहायशी और कमर्शियल, दोनों तरह के उपभोक्ताओं को मिली है।
इस स्कीम का मकसद उन लोगों की मदद करना है जो पुराने बिलों के भारी जुर्माने के कारण अपना बकाया नहीं चुका पा रहे थे। आंकड़ों के मुताबिक, कुल 13.39 लाख पात्र रिहायशी उपभोक्ताओं में से 5.48 लाख ने इस योजना का लाभ उठाया है। इन उपभोक्ताओं ने अपने मूल बिल के रूप में 854.54 करोड़ रुपये जमा किए, जिसके बदले में उनके 1,886.89 करोड़ रुपये का सरचार्ज माफ कर दिया गया।
कमर्शियल उपभोक्ताओं को भी मिला फायदा
सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी इस योजना से बड़ी राहत मिली है। कुल 70,312 पात्र कमर्शियल उपभोक्ताओं में से 18,275 ने इसमें हिस्सा लिया। इन्होंने 221.61 करोड़ रुपये की मूल राशि जमा की, जिसके बाद उनके 1,731.84 करोड़ रुपये के सरचार्ज को माफ किया गया। कुल मिलाकर, जल बोर्ड ने मूल बकाया राशि के तौर पर 1,076.15 करोड़ रुपये की वसूली की है।
जो लोग अब तक इस योजना का लाभ नहीं उठा पाए हैं, उनके लिए एक और मौका दिया गया है। दिल्ली के जल मंत्री परवेश वर्मा ने घोषणा की है कि इस सरचार्ज माफी योजना को 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने साफ किया कि यह इस योजना का आखिरी विस्तार है। उपभोक्ताओं को अब केवल अपनी मूल राशि जमा करनी होगी और पूरा सरचार्ज माफ कर दिया जाएगा।
मंत्री परवेश वर्मा ने कहा कि जब उपभोक्ताओं को राहत का सही अवसर मिला, तो वे खुद आगे आए और अपने बकाये का निपटारा किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पात्र उपभोक्ताओं की देनदारियों को आसान बनाना और उन्हें कर्ज मुक्त करना है।