दिल्ली-जैतपुर-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे तैयार, अब 45 मिनट में पूरा होगा सफर

दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए सफर अब बेहद आसान और तेज होने जा रहा है। दिल्ली जैतपुर फरीदाबाद एक्सप्रेसवे का अंतिम हिस्सा लगभग पूरा हो चुका है, जिससे यात्रा के समय में भारी कमी आएगी। दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने इस कॉरिडोर के पूरा होने की जानकारी दी है। इस नए रूट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सराय काले खां से सोहना और पलवल तक की दूरी, जिसे तय करने में पीक ऑवर्स के दौरान करीब 3 घंटे लगते थे, अब मात्र 40 से 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
हाल ही में सांसद बिधूड़ी ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ इस इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण किया। यह पूरा एक्सेस कंट्रोल हाईवे (NH-148A) कुल 59 किलोमीटर लंबा है। इसमें डीएनडी फ्लाईवे से जैतपुर के बीच 9 किलोमीटर का हिस्सा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। यह कॉरिडोर न केवल स्थानीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, बल्कि कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे नेटवर्क को भी जोड़ेगा।
ट्रायल रन और ट्रैफिक मैनेजमेंट
वर्तमान में दिल्ली के 9 किलोमीटर वाले हिस्से में ट्रायल रन चल रहे हैं और इसे फिलहाल टोल-फ्री रखा गया है। ट्रैफिक पैटर्न की निगरानी और लोड टेस्टिंग के लिए यहाँ वाहनों की गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा तय की गई है। वहीं, जैतपुर से सोहना और KMP तक जाने वाला हरियाणा का 50 किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह चालू है और वहां टोल वसूला जा रहा है।
सड़क परिवहन मंत्रालय और NHAI अब सराय काले खां लूप पर होने वाली संभावित भीड़ को रोकने के लिए एक विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट के पूरी तरह शुरू होने के बाद आश्रम चौक, कालिंदी कुज और मथुरा रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। डीएनडी फ्लाईवे से फरीदाबाद तक का सफर अब महज 20 मिनट में तय किया जा सकेगा।
खबरों के मुताबिक, इस कॉरिडोर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल के अंत तक कर सकते हैं। इसके अलावा, कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए मार्च में केंद्रीय कैबिनेट ने 3,631 करोड़ रुपये की लागत से 11 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड फरीदाबाद-एयरपोर्ट लिंक को भी मंजूरी दे दी है।