दिल्ली में सख्त होगी नो पीयूसीसी नो फ्यूल नीति और सड़कों की होगी गहरी सफाई

Kittu Kumari28 September 20262 min read5 viewsDelhi Local
दिल्ली में सख्त होगी नो पीयूसीसी नो फ्यूल नीति और सड़कों की होगी गहरी सफाई

नई दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा और दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा शामिल हुए। बैठक के बाद पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण को कम करने के लिए कार्रवाई-उन्मुख योजना बनाई गई है और दोनों की भूमिकाओं पर चर्चा की गई। दिल्ली में 'नो पीयूसीसी, नो फ्यूल' नीति को और ज्यादा सख्त किया जाएगा। इसके अलावा, सड़कों से मिट्टी और धूल हटाने के लिए हर पखवाड़े सड़कों की गहरी सफाई करने की योजना बनाई गई है। इस अभियान के तहत हर वाहन में चार लोगों की टीमें होंगी, जिनमें डीपीसीसी और एमसीडी के प्रतिनिधि शामिल होंगे और दिल्ली पुलिस के साथ भी तालमेल किया जा रहा है। ठंड से राहत देने के लिए 'हीटिंग स्पॉट' बनाए जाएंगे और अस्थायी आश्रय स्थलों पर हीटिंग की व्यवस्था होगी ताकि ठंड से बचाव हो सके।

सार्वजनिक परिवहन और हॉटस्पॉट पर विशेष ध्यान

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजधानी में वर्तमान में 588 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और इस बेड़े में 150 और बसें जोड़ी जाएंगी। सरकार ने वायु प्रदूषण और यातायात की भीड़भाड़ वाले हॉटस्पॉट से निपटने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की है। पर्यावरण मंत्री सभी 11 जिला मजिस्ट्रेटों के कार्यालयों का दौरा कर रहे हैं ताकि इन हॉटस्पॉट के 3 किलोमीटर के दायरे में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की समीक्षा की जा सके। इस दायरे में श्मशान घाट, डंपिंग यार्ड और निर्माण व तोड़फोड़ कचरा स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हरियाली और सड़कों के किनारे सुधार के कार्य

सड़क के किनारों की मिट्टी और धूल को रोकने और हरियाली बढ़ाने के लिए जनभागीदारी अभियान के जरिए 'ब्राउन पैच' विकसित किए जाएंगे। चिन्हित किए गए 62 प्रदूषण हॉटस्पॉट में से 42 पर प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित कर लिया गया है और शेष पर काम जारी है। सड़कों के किनारों से उठने वाली मिट्टी और धूल की समस्या से निपटने के लिए गहरी सफाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ताकि हवा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment