बेटे की चाहत में 8 महीने के मासूम का अपहरण, दिल्ली पुलिस ने यूपी से छुड़ाया
दिल्ली के पांडव नगर से 8 महीने के बच्चे का अपहरण हुआ। पुलिस ने यूपी से बच्चे को छुड़ाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली के पूर्वी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 8 महीने के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वारदात के पीछे किसी पेशेवर गिरोह का हाथ नहीं, बल्कि एक दंपत्ति की बेटे की चाहत थी। दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर बच्चे को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से बरामद कर लिया और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह पूरा मामला पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके का है। पीड़ित बच्चे की मां लक्ष्मी, जो पेशे से ई-रिक्शा चालक हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बच्चा गायब हो गया है। बच्चा उस समय ज्योति नाम की एक बेबीसिटर की देखरेख में था, जब उसका अपहरण कर लिया गया। मंडावली थाने में मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपियों का पीछा किया।
वंश चलाने की सनक ने बनाया अपराधी
पुलिस की टीम ने जब छापेमारी की, तो बच्चा उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव से सुरक्षित मिला। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को दबोचा। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी 40 वर्षीय ट्रक ड्राइवर ऋषिपाल था, जिसने इस अपहरण को अंजाम दिया था। ऋषिपाल ने यह काम अलीगढ़ निवासी 50 वर्षीय किसान चतरू और उसकी 45 वर्षीय पत्नी कुसमा के कहने पर किया था।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चतरू और कुसमा की तीन बेटियां हैं। वे पिछले करीब एक साल से बेटे की तलाश में थे ताकि उनका वंश आगे बढ़ सके और बुढ़ापे में उनकी देखभाल करने वाला कोई बेटा हो। इसी लालच और सनक में उन्होंने एक मासूम बच्चे को चुराने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपियों का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। फिलहाल, मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।