दिल्ली में मौसम बदला: IMD ने बारिश और तेज हवाओं के लिए जारी किया येलो अलर्ट

दिल्ली से मानसून की आधिकारिक विदाई के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने शनिवार 26 सितंबर से सोमवार 28 सितंबर 2026 तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ चमक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है। Skymet वेदर फोरकास्टर्स के अनुसार 26 सितंबर की रात से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिम हिस्से और आसपास के इलाकों के निचले वायुमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है, जिससे यह बदलाव आया है। IMD ने पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित भूस्खलन, सड़क जाम और नदियों-नालों में जलस्तर बढ़ने के कारण सावधानी बरतने की विशेष सलाह दी है। मानसून की विदा के एक हफ्ते बाद शुक्रवार को तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार सुबह 7 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 71 दर्ज किया गया। वहीं अन्य दिल्ली-एनसीआर के शहरों में आंकड़े 100 से कम या 100 से 200 के बीच रहे। दिनभर छाए रहे बादलों और ठंडी हवाओं के कारण राजधानी में मौसम सुहाना बना रहा।