दिल्ली के फाइव स्टार होटल में महिला से अपहरण की कोशिश, 3 आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari6 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली के फाइव स्टार होटल में महिला से अपहरण की कोशिश, 3 आरोपी गिरफ्तार

देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके चाणक्यपुरी में स्थित एक फाइव स्टार होटल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नागालैंड की रहने वाली एक महिला के साथ न केवल बदसलूकी की गई, बल्कि उसे जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण करने की कोशिश भी की गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है।

यह पूरी घटना रविवार, 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे की है। शिकायत के मुताबिक, पीड़िता होटल के वॉशरूम से वापस लौट रही थी, तभी पार्किंग एरिया में एक सफेद रंग की मर्सिडीज कार में सवार तीन युवकों ने उसे रोका। आरोपियों ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। शोर सुनकर महिला के दोस्त—आयुष, उदभव और समर्थ वहां पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की।

हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से किया हमला

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जब महिला के दोस्तों ने आरोपियों का विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड का इस्तेमाल करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिसमें आयुष के दांत बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज किया। जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी तब मिली जब पीड़िता ने हमलावरों की सफेद मर्सिडीज का रजिस्ट्रेशन नंबर पुलिस को मुहैया कराया। इसी सुराग की मदद से पुलिस ने दिव्यांशु, गौरव और मोहित नाम के तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुछ आरोपों से इनकार किया है। हालांकि, पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक सबूत जुटा रही है ताकि घटना की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment