दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की बैठक से पहले लगे पोस्टर, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली में होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक से ठीक पहले मध्य दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने वाले होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ संदेश लिखे गए हैं। यह बैठक बुधवार को आयोजित होने वाली है। विपक्षी दल एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े फैसलों को लेकर विवाद पर अपनी रणनीति तय करने के लिए यह बैठक कर रहे हैं। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बैठक को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने ANI से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इस बैठक में हिस्सा लेगी। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार को लेकर लगे आरोपों के बाद उन्हें पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने कुमार को हटाने, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी एसआईआर को निलंबित करने और मतदाता सूची से अब तक हटाए गए 13.30 करोड़ नामों को बहाल करने की अपनी मांग को फिर से दोहराया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में INDIA गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी की तरफ से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे के बैठक में मौजूद रहने की संभावना है। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व हरेंद्र मलिक करेंगे, जबकि टीएमसी से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। झारखंड मुक्ति मोचा के नेता हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़ सकते हैं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के भी वर्चुअल रूप से शामिल होने की उम्मीद है। इस बैठक में राकांपा (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले, माकपा के एमए बेबी, भाकपा के डी राजा और भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हो सकते हैं। अन्य नेताओं में आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन, आईयूएमएल के सादिक थंगल, वीसीके प्रमुख थिरुमावलवन और एमडीएमके के डी वैको शामिल हैं। निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल के भी इस बैठक में मौजूद रहने की संभावना है।