एयरलाइन स्टाफ के दुर्व्यवहार पर दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला, कहा- यात्री अपनाएं कानूनी रास्ता

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि एयरलाइन स्टाफ के गलत व्यवहार के खिलाफ यात्री सिविल या क्रिमिनल कानूनी रास्ता अपना सकते हैं।

Kittu Kumari11 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
एयरलाइन स्टाफ के दुर्व्यवहार पर दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला, कहा- यात्री अपनाएं कानूनी रास्ता

अगर किसी यात्री के साथ एयरलाइन स्टाफ बदतमीजी या दुर्व्यवहार करता है, तो वह उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। एयरलाइन स्टाफ दुर्व्यवहार के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित यात्री कानून के तहत उपलब्ध उचित सिविल या क्रिमिनल उपायों का सहारा ले सकते हैं। कोर्ट ने यह बात एक याचिका पर सुनवाई करते हुए कही, जिसमें एयरलाइन कर्मचारियों के गलत व्यवहार को रोकने के लिए अलग रेगुलेटरी मैकेनिज्म बनाने की मांग की गई थी।

यह पूरा मामला शालिनी तिवारी नाम की महिला की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि इंडिगो एयरलाइंस के एक कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव ने उनके साथ बात करते समय अभद्र, अपमानजनक और जेंडर-आधारित भाषा का इस्तेमाल किया। शालिनी का दावा था कि उन्होंने इस मामले में जवाबदेही और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कई बार आवेदन किया, लेकिन एयरलाइन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

नियम बनाना सरकार का काम, कोर्ट का हस्तक्षेप नहीं

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

याचिकाकर्ता ने कोर्ट का ध्यान इस बात की ओर खींचा कि सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स (CARs) में यात्रियों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के लिए तो कड़े नियम और सजा के प्रावधान हैं, लेकिन एयरलाइन स्टाफ द्वारा यात्रियों के साथ किए गए दुर्व्यवहार या उत्पीड़न से निपटने के लिए कोई विशिष्ट तंत्र नहीं है। हालांकि, जस्टिस अमित महाजन ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि नियम, रेगुलेशन और गाइडलाइंस बनाना सक्षम अधिकारियों का काम है और यह पूरी तरह से पॉलिसी का मामला है।

कोर्ट ने साफ किया कि संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत वह सरकार को नियम बनाने या विशिष्ट अनुशासनात्मक उपाय निर्धारित करने के लिए मजबूर नहीं कर सकता, सिर्फ इसलिए क्योंकि याचिकाकर्ता को वे नियम जरूरी लगते हैं। अदालत ने यह भी कहा कि यात्रियों के दुर्व्यवहार पर बने नियम हवाई अड्डों और उड़ानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हैं, जबकि स्टाफ के गलत व्यवहार को सामान्य कानूनी प्रक्रियाओं के जरिए सुलझाया जा सकता है।

कोर्ट ने यह भी उल्लेख किया कि DGCA ने पहले ही सूचित किया था कि याचिकाकर्ता की शिकायत पर एयरलाइन द्वारा आवश्यक सुधारात्मक और निवारक कार्रवाई की जा चुकी है। अंत में अदालत ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता अभी भी असंतुष्ट हैं, तो वह अपनी मर्जी से उचित सिविल या क्रिमिनल कानूनी रास्ता अपनाने के लिए स्वतंत्र हैं।

Share:

Comments

Leave a comment