TERI यौन उत्पीड़न मामला: दिल्ली हाई कोर्ट ने रद्द की ICC रिपोर्ट, कहा- नियोक्ता के खिलाफ जांच लोकल कमेटी करेगी
दिल्ली हाई कोर्ट ने TERI के पूर्व DG के खिलाफ यौन उत्पीड़न की ICC रिपोर्ट को क्षेत्राधिकार की कमी के कारण रद्द कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें।

दिल्ली हाई कोर्ट ने द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (TERI) के तत्कालीन महानिदेशक (DG) के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की पुष्टि करने वाली एक आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की रिपोर्ट को रद्द कर दिया है। अदालत ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि इस मामले की जांच करने का अधिकार आंतरिक समिति के पास नहीं था, क्योंकि शिकायत संगठन के प्रमुख के खिलाफ थी, जो कानूनन 'नियोक्ता' (Employer) की श्रेणी में आते हैं।
जस्टिस अमित महाजन ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि यौन उत्पीड़न (महिला कार्यस्थल पर रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) की धारा 6 के तहत, यदि शिकायत खुद नियोक्ता के खिलाफ होती है, तो उसकी जांच संगठन द्वारा गठित आंतरिक समिति के बजाय 'लोकल शिकायत समिति' द्वारा की जानी चाहिए। कोर्ट ने माना कि यह क्षेत्राधिकार की एक बुनियादी गलती थी, जिसे केवल इस आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि इस पर पहले आपत्ति नहीं जताई गई थी।
क्या था पूरा मामला और कोर्ट की दलील?
यह पूरा विवाद 9 फरवरी 2015 को शुरू हुआ था, जब TERI में रिसर्च असिस्टेंट के तौर पर काम करने वाली एक महिला ने तत्कालीन महानिदेशक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद संस्थान की ICC ने जांच की और 19 मई 2015 को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट को बाद में इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल ने भी बरकरार रखा था।
हालांकि, आरोपी की मृत्यु 13 फरवरी 2020 को हो गई। इसके बाद उनके कानूनी प्रतिनिधियों ने 2023 में हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत में दलील दी गई कि चूंकि आरोपी संस्थान के प्रमुख थे, इसलिए POSH एक्ट के तहत उन्हें नियोक्ता माना जाएगा और ऐसे में ICC को इस मामले की सुनवाई का अधिकार ही नहीं था। साथ ही यह भी कहा गया कि गवाहों के बयान आरोपी को नहीं दिए गए और उन्हें जिरह (Cross-examination) का मौका नहीं मिला।
दूसरी ओर, शिकायतकर्ता पक्ष ने तर्क दिया कि क्षेत्राधिकार का मुद्दा पहले नहीं उठाया गया था और यौन उत्पीड़न के मामलों में जिरह का कोई पूर्ण अधिकार नहीं होता। उन्होंने ईमेल और संदेशों का हवाला देते हुए मानसिक और शारीरिक शोषण के दावों को दोहराया।
इन सभी दलीलों को सुनने के बाद, हाई कोर्ट ने 19 मई 2015 की ICC रिपोर्ट और 3 जुलाई 2023 के ट्रिब्यूनल के फैसले को रद्द कर दिया। कोर्ट ने अब इस मामले को नए सिरे से विचार के लिए सक्षम लोकल कमेटी को भेज दिया है। साथ ही, कोर्ट ने यह भी कहा कि आरोपी की मृत्यु के बाद आगे की कार्यवाही कितनी संभव या उचित है, इसका फैसला संबंधित फोरम द्वारा किया जाएगा।