बुजुर्ग की मर्जी के बिना बच्चों के साथ रहने को मजबूर नहीं कर सकते: दिल्ली हाई कोर्ट
दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि किसी भी वरिष्ठ नागरिक को उसकी इच्छा के विरुद्ध बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक बेहद महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी भी वरिष्ठ नागरिक को उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने ही घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने दक्षिण दिल्ली के मस्जिद मोथ इलाके में रहने वाले एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनके बड़े बेटे और बहू को घर खाली करने का आदेश दिया है।
न्यायमूर्ति अमित महाजन ने इस मामले में जिला मजिस्ट्रेट और डिविजनल कमिश्नर के उन आदेशों को रद्द कर दिया, जिनमें बुजुर्ग की याचिका को खारिज कर दिया गया था। कोर्ट ने आदेश दिया कि बेटा और बहू चार हफ्ते के भीतर घर खाली करें। साथ ही, संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को निर्देश दिया गया कि यदि जरूरत पड़े तो बुजुर्ग को इस आदेश का पालन कराने में पूरी मदद करें।
मान सम्मान से जीने का अधिकार है बुजुर्गों का
अदालत ने अपने फैसले में कहा कि यदि कोई वरिष्ठ नागरिक अपनी खुद की कमाई से खरीदी गई संपत्ति से बच्चों को बाहर निकालना चाहता है, तो उसे यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि उसके साथ उत्पीड़न या दुर्व्यवहार हुआ है। कोर्ट के मुताबिक, यह दिखाना पर्याप्त है कि संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है ताकि बुजुर्ग वहां शांति और गरिमा के साथ रह सकें।
कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि 85 साल की उम्र में याचिकाकर्ता अपने घर में शांति से रहने का हकदार है, खासकर तब जब रिश्तों में इतनी कड़वाहट आ गई हो कि उन्हें 2022 से कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही हो। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि बेटा और बहू उस घर के मालिक नहीं हैं और केवल रिश्तों के नाते वहां रह रहे थे।
अदालत ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों ने गलत धारणा बना ली थी कि बेदखली के आदेश के लिए उत्पीड़न के पुख्ता सबूत होने चाहिए, जबकि कानून में ऐसी कोई शर्त नहीं है। कोर्ट ने यह भी माना कि बुजुर्गों का उत्पीड़न अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होता है, जिसे बाहरी सबूतों से साबित करना मुश्किल होता है।
इस मामले में एसडीएम की जांच रिपोर्टों को भी अधूरा और त्रुटिपूर्ण पाया गया। कोर्ट ने कहा कि बिना ठोस कारणों के केवल एक लाइन में यह लिख देना कि उत्पीड़न साबित नहीं हुआ, किसी भी तरह से सही निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।