निजी वित्तीय विवादों के लिए साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग का इस्तेमाल गलत, दिल्ली हाई कोर्ट ने हटाए बैंक अकाउंट से फ्रीज
दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि निजी वित्तीय विवादों को सुलझाने के लिए साइबर फ्रॉड मैकेनिज्म का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। बैंक अकाउंट से फ्रीज हटाया।

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग मैकेनिज्म का उपयोग उन मामलों में नहीं किया जा सकता, जहां दो परिचित पक्षों के बीच स्वेच्छा से वित्तीय लेनदेन हुआ हो। कोर्ट ने कहा कि यदि विवाद किसी मौजूदा सिविल या कमर्शियल रिश्ते से उपजा है, तो उसे साइबर अपराध का रंग नहीं दिया जा सकता। यह आदेश एक पिता और पुत्र के बैंक खातों पर लगे फ्रीज और लियन को हटाने के निर्देश देते हुए दिया गया है, जो 30 लाख रुपये के कथित साइबर फ्रॉड की शिकायत से जुड़ा था।
जस्टिस अमित महाजन ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि जांच एजेंसी ने खुद यह माना था कि प्रथम दृष्टया इस मामले में साइबर धोखाधड़ी के तत्व मौजूद नहीं हैं। कोर्ट ने नोट किया कि जब पैसा बैंकिंग चैनलों के माध्यम से स्वेच्छा से ट्रांसफर किया गया हो, तो खातों को फ्रीज रखना एक निजी विवाद को साइबर फ्रॉड केस बनाने जैसा होगा।
विरोधाभासी बयानों और संपत्ति विवाद का मामला
इस पूरे मामले की जड़ें साल 2013 के एक प्रॉपर्टी ट्रांजेक्शन से जुड़ी हैं। याचिकाकर्ता (पिता) ने करोल बाग में एक प्रॉपर्टी की तीसरी मंजिल खरीदने के लिए 30 लाख रुपये बयाना दिया था। जब सेल डीड नहीं हो पाई, तो मामला तीस हजारी कोर्ट पहुंचा। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता किया कि सिविल सूट वापस लेने के बदले 30 लाख रुपये लौटा दिए जाएंगे। मार्च 2026 में यह राशि पिता के खाते में आई, जिसे उन्होंने पारिवारिक व्यवस्था के तहत अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि इसके ठीक अगले दिन, पैसे भेजने वाली महिला की बेटी ने साइबर शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत में पहले कहा गया कि पैसे गलती से ट्रांसफर हो गए, जबकि बाद में दावा किया गया कि यह निवेश के लिए कच्चा सोना खरीदने के लिए दिए गए थे, जो कभी नहीं मिला। जांच एजेंसी ने इन दोनों बयानों को पूरी तरह विरोधाभासी बताया।
कोर्ट ने यह भी पाया कि जांच एजेंसी के पास खातों को फ्रीज रखने के लिए कोई कानूनी आधार या भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत कोई आदेश नहीं था। अदालत ने स्पष्ट किया कि गृह मंत्रालय द्वारा जारी SOP के अनुसार, बैंक खातों की जब्ती या डिजिटल सेवाओं के निलंबन के लिए कानूनी प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है, जिसे इस मामले में नजरअंदाज किया गया था।