वकीलों पर आपत्तिजनक टिप्पणी: ACP मनस्वी वशिष्ठ के वीडियो की जांच करे केंद्र, दिल्ली HC का आदेश
दिल्ली हाई कोर्ट ने ACP मनस्वी वशिष्ठ द्वारा वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाले वीडियो की जांच केंद्र सरकार से करने को कहा है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस और वकीलों के बीच चल रहे विवाद के बीच एक गंभीर मामला संज्ञान में लिया है। अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि वह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन वीडियो की जांच करे, जिनमें दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ कथित तौर पर वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकीभरी टिप्पणियां कर रहे हैं। कोर्ट ने सरकार से यह भी कहा है कि यदि आवश्यक हो, तो ऐसे आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने पर विचार किया जाए।
यह पूरा मामला वकील करण बीर सिंह द्वारा दायर एक जनहित याचिका (PIL) से जुड़ा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि ACP मनस्वी वशिष्ठ और दिल्ली पुलिस के कुछ अन्य कर्मियों ने अधिवक्ताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की। एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव साम्ब्रे और जस्टिस संजय शर्मा की खंडपीठ ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्रालय और संबंधित पुलिस अधिकारी को नोटिस जारी किया है।
पुलिस अधिकारियों के व्यवहार और धमकियों पर उठे सवाल
याचिका में उल्लेख किया गया है कि वायरल वीडियो में ACP वशिष्ठ यह कहते नजर आ रहे हैं कि यदि वकील समूहों में पुलिस थानों का दौरा करते हैं, तो उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है। इतना ही नहीं, एक अन्य वीडियो का जिक्र किया गया है जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर कथित तौर पर एक वकील को AK-47 राइफल से मारने की धमकी दे रहा है।
अधिवक्ता करण बीर सिंह ने अदालत में दलील दी कि यदि ये बयान सही पाए जाते हैं, तो यह पुलिस अधिकारों के दुरुपयोग और आपराधिक धमकी का गंभीर मामला है, जो वकीलों की सुरक्षा और उनके पेशेवर कर्तव्यों के निर्वहन पर सवाल खड़े करता है। याचिका में यह भी पूछा गया है कि क्या सेवा में तैनात पुलिस कर्मियों का प्रदर्शनों में हिस्सा लेना 'पुलिस फोर्स (प्रतिबंधात्मक अधिकार) अधिनियम, 1966' और सेवा नियमों का उल्लंघन नहीं है?
बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब ACP वशिष्ठ कथित तौर पर पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिस कर्मियों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जिसके बाद उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, याचिकाकर्ता का कहना है कि केवल निलंबन इस पूरे मामले का समाधान नहीं है और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध स्वतंत्र जांच और विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए। कोर्ट ने अब याचिकाकर्ता को वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट्स का विवरण केंद्र सरकार को सौंपने का निर्देश दिया है ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके।