आधार कार्ड जन्म तिथि का निर्णायक सबूत नहीं, इसके आधार पर कर्मचारी को समय से पहले रिटायर नहीं कर सकते नियोक्ता: दिल्ली हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि आधार कार्ड को जन्म तिथि का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता, नियोक्ता इसके आधार पर कर्मचारी को समय से पहले रिटायर नहीं कर सकता।

दिल्ली हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में यह स्पष्ट किया है कि केवल आधार कार्ड के आधार पर किसी व्यक्ति की जन्म तिथि को अंतिम नहीं माना जा सकता। अदालत ने कहा कि कोई भी नियोक्ता आधार कार्ड में दर्ज तारीख का हवाला देकर किसी कर्मचारी को उसकी सेवानिवृत्ति की आयु से पहले रिटायर नहीं कर सकता, खासकर तब जब आधिकारिक रिकॉर्ड में कोई अन्य तारीख दर्ज हो।
यह मामला एक महिला कर्मचारी से जुड़ा था, जिसे उसकी कंपनी ने यह दावा करते हुए नौकरी से निकाल दिया था कि वह 58 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु पूरी कर चुकी है। कंपनी ने इस दावे के लिए महिला के आधार कार्ड का सहारा लिया, जिसमें उसकी जन्म तिथि 20 मई 1959 दर्ज थी। हालांकि, ईएसआईसी (ESIC) के रिकॉर्ड में, जिसे खुद कंपनी ने 2010 में जमा किया था, महिला की जन्म तिथि 20 मई 1960 दर्ज थी।
अदालत की सख्त टिप्पणी और फैसला
जस्टिस मनोज कुमार ओहरी ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि जब प्रबंधन ने खुद ईएसआईसी रिकॉर्ड में जन्म तिथि 20 मई 1960 दर्ज की थी, तो वह बाद में आधार कार्ड की एक अलग तारीख के आधार पर उसकी सेवाओं को एक साल पहले समाप्त नहीं कर सकता। कोर्ट ने यह भी गौर किया कि कंपनी को यह आधार कार्ड मार्च 2017 में मिला था, जबकि महिला को मई 2017 में नौकरी से निकाल दिया गया। यानी, कंपनी ने बिना किसी स्वतंत्र दस्तावेज के केवल आधार कार्ड के आधार पर यह फैसला ले लिया।
महिला कर्मचारी का आरोप था कि वह 1981 से कंपनी में काम कर रही थी और जब उसने दिल्ली सरकार द्वारा संशोधित न्यूनतम वेतन की मांग की, तो प्रबंधन ने नाराज होकर उसे नौकरी से निकाल दिया। कंपनी ने पलटवार करते हुए दावा किया कि महिला ने मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद खुद इस्तीफा दिया था, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के एक पुराने फैसले का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि आधार कार्ड का उपयोग पहचान स्थापित करने के लिए किया जा सकता है, लेकिन यह जन्म तिथि का निर्णायक प्रमाण नहीं है। अदालत ने लेबर कोर्ट के उस फैसले को सही ठहराया जिसमें महिला की बर्खास्तगी को अवैध माना गया था और उसे एक साल का पूरा पिछला वेतन (back wages) देने का आदेश दिया गया था।