दिल्ली के हर्ष विहार में मकान ढहा, NDRF और फायर ब्रिगेड का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दिल्ली के हर्ष विहार में एक मकान ढह गया है। NDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटी हैं।

राजधानी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मिलन गार्डन में एक मकान अचानक ढह गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत दिल्ली फायर सर्विस को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने मौके पर पांच गाड़ियां भेजीं और राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब 6:46 बजे हुआ। एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि यह एक पुरानी एक मंजिला इमारत थी, जिस पर एक और मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर हादसा हुआ, वह इलाका काफी संकरा और बंद है, जिसकी वजह से यह पहचानना भी मुश्किल हो रहा था कि असल में कौन सी इमारत गिरी है।
मलबे में दबे हो सकते हैं लोग, डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है
मौके पर NDRF, स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें तैनात हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए NDRF ने अपने विशेष संसाधनों और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया है। स्थानीय निवासियों और बचाव दल के सदस्य मिलकर मलबे को हटाने में जुटे हुए हैं।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी के रेस्क्यू होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। एक स्थानीय निवासी का कहना है कि जब ऊपर की मंजिल के लिए कंक्रीट की स्लैब डाली जा रही थी, तब नीचे की पुरानी स्लैब कमजोर होने के कारण ढह गई, जिससे पूरी ऊपरी मंजिल नीचे गिर गई। परिजनों के मुताबिक, मलबे में दो लोग फंसे हो सकते हैं, जिसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।