दिल्ली हाफ मैराथन में उमड़ा जनसैलाब, CM रेखा गुप्ता ने 'फिट इंडिया' अभियान को बताया सफल

देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर सेहत और जोश के रंग में रंगी नजर आई। रविवार को आयोजित दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण में फिटनेस का ऐसा जुनून दिखा कि करीब 41,000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया। वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस के तौर पर पहचान रखने वाली इस एशिया की सबसे बड़ी रोड रेस ने न केवल फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि एकता और सामुदायिक भागीदारी की एक मिसाल भी पेश की।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इवेंट की सराहना करते हुए कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह लोगों को सीमाओं और समुदायों से ऊपर उठकर एक साथ कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में देश-विदेश से आए 40,000 प्रतिभागियों में 10,000 महिलाएं शामिल थीं, जो महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिल्ली प्रधानमंत्री के 'फिट इंडिया' अभियान की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है और शहर के लिए यह गर्व की बात है कि हर साल इस स्तर का आयोजन यहां होता है।
फिटनेस और युवाओं के लिए प्रेरणा बना आयोजन
कार्यक्रम में मौजूद भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने भी इस आयोजन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दौड़ना फिटनेस का सबसे बुनियादी और प्रभावी तरीका है और इस तरह के आयोजनों से आज की युवा पीढ़ी प्रोत्साहित हो रही है। उन्होंने इस इवेंट को एक उत्सव की तरह बताया और वेदांता के प्रयासों की सराहना की, जो इस दौड़ को अलग-अलग शहरों तक ले जाकर रनिंग कल्चर को बढ़ावा दे रहे हैं।
इस मैराथन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब फिटनेस और जुनून एक साथ मिलते हैं, तो पूरा शहर एक लक्ष्य के लिए दौड़ पड़ता है। प्रतिभागियों के उत्साह और दिग्गजों की मौजूदगी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।