दिल्ली हाफ मैराथन 2026: 41 हजार से ज्यादा धावक रचेंगे इतिहास, रूट और सुरक्षा में बड़े बदलाव

राजधानी दिल्ली एक बार फिर दौड़ने के लिए तैयार है। इस बार का उत्साह पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा क्योंकि दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में 41,000 से ज्यादा प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। रविवार, 18 अक्टूबर को होने वाली इस मेगा इवेंट के लिए प्रोकाम इंटरनेशनल ने ऑन-ग्राउंड और वर्चुअल दोनों श्रेणियों में व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार न केवल धावकों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ होगी, बल्कि सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया है।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि धावकों के अनुभव को सहज और सुरक्षित बनाने के लिए रूट में कुछ मामूली बदलाव किए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव ओपन 10K दौड़ में हुआ है, जो अब संसद मार्ग के बजाय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से सुबह 7:35 बजे शुरू होगी। हाफ मैराथन के रूट में भी कुछ छोटे सुधार किए गए हैं ताकि दौड़ के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।
सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का कड़ा पहरा
इतने बड़े स्तर के आयोजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार के अनुसार, सुरक्षा के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मी और 70-80 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस पिछले डेढ़ महीने से आयोजकों के साथ तालमेल बिठाकर रूट की प्लानिंग कर रही है ताकि धावकों और शहर के ट्रैफिक के बीच संतुलन बना रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स पार्टनर के तौर पर काम कर रहा है। पूरे रूट पर 11 मेडिकल स्टेशन बनाए गए हैं और फिनिश लाइन के बाद एक मेडिकल बेस कैंप तैयार किया गया है, जिसमें ICU सेटअप भी शामिल है। इसके अलावा, धावकों की एनर्जी बनाए रखने के लिए बिस्लेरी द्वारा 12 वॉटर स्टेशन, 9 री-हाइड्रेशन स्टेशन और 3 मिस्ट जोन बनाए गए हैं। साथ ही, रूट पर चिक्की और नमक के स्टेशन भी होंगे।
प्रोकाम इंटरनेशनल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक सिंह ने इस आयोजन के आर्थिक प्रभाव पर चर्चा करते हुए बताया कि मिरांडा हाउस के एक अध्ययन के अनुसार, इस इवेंट का दिल्ली-NCR पर 400 करोड़ रुपये से अधिक का सामाजिक-आर्थिक प्रभाव पड़ता है। देश भर से आने वाले प्रतिभागी स्थानीय व्यवसायों, होटलों और रिटेल मार्केट को मजबूती देते हैं।
धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए रूट पर 12 मोटिवेशन जोन बनाए गए हैं, जहाँ नेवी बैंड, दिल्ली ड्रमर्स सर्कल और यूथ फॉर सेवा जैसे समूह अपनी प्रस्तुतियों से जोश भरेंगे। रेड बुल स्टेशन भी रूट पर ऊर्जा प्रदान करने के लिए मौजूद रहेगा।