कनॉट प्लेस: भारती दिल्ली एम्पोरियम का संचालन अब निजी हाथों में करेगी दिल्ली सरकार

राजधानी के दिल कनॉट प्लेस में स्थित भारती दिल्ली एम्पोरियम अब सरकारी नियंत्रण से निकलकर निजी प्रबंधन के अधीन जा सकता है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC) के जरिए इस मशहूर एम्पोरियम के संचालन को निजी संस्था को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है। बाबा खड़क सिंह मार्ग पर स्थित इस केंद्र का मकसद अब निजी भागीदारी के जरिए बेहतर प्रबंधन और बिक्री को बढ़ावा देना है।
करीब 7,000 वर्ग फुट में फैला यह एम्पोरियम बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और मेज़नाइन लेवल तक फैला हुआ है। सरकार ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है, जिसके तहत चुनी गई निजी एजेंसी न केवल इसकी बिक्री और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगी, बल्कि यहां काम करने वाले मैनपावर की देखरेख भी करेगी। इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित वैल्यू 4 करोड़ रुपये आंकी गई है।
तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट और करोड़ों की कमाई का लक्ष्य
इस समझौते की सबसे अहम शर्त यह है कि निजी ऑपरेटर को सरकार के लिए सालाना कम से कम 4 करोड़ रुपये की बिक्री आय (Sales Income) सुनिश्चित करनी होगी। यह पूरा कॉन्ट्रैक्ट 1,095 दिनों यानी करीब तीन साल की अवधि के लिए होगा।
DSIIDC के चीफ मैनेजर (IPD) की देखरेख में इस टेंडर को 21 सितंबर 2026 को ई-पब्लिश किया गया था। इच्छुक कंपनियों को 5 अक्टूबर 2026 तक अपनी बोलियां जमा करनी थीं, जिन्हें 7 अक्टूबर को खोला जाना तय हुआ है। गौरतलब है कि यह कोशिश पहली बार नहीं की गई है; इससे पहले जुलाई 2026 में भी एक टेंडर निकाला गया था, जो अगस्त की शुरुआत में बंद हो गया था। अब सरकार इस प्रक्रिया को पूरा कर जल्द से जल्द निजी एजेंसी को कमान सौंपना चाहती है।