दिल्ली सरकार ने 5 भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का किया पुनर्गठन

दिल्ली सरकार ने भाषाई विरासत को बचाने के लिए 5 भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन किया है, जिसमें 101 सदस्यों की नियुक्ति हुई है।

Kittu Kumari18 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली सरकार ने 5 भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का किया पुनर्गठन

राजधानी की भाषाई विरासत को सहेजने और सांस्कृतिक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। कला, संस्कृति और भाषा विभाग ने शहर की पांच प्रमुख भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन कर दिया है। इस पूरी प्रक्रिया को कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने मंजूरी दी है। अब इन सभी पांचों अकादमियों की कमान सीधे मंत्री कपिल मिश्रा संभालेंगे, जो इनके अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।

प्रशासनिक तालमेल को बेहतर बनाने और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन को जोड़ने के लिए इन परिषदों में कुल 101 सदस्यों की नियुक्ति की गई है। आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, पदमुक्त सदस्यों को छोड़कर सभी मनोनीत सदस्यों का कार्यकाल आदेश जारी होने की तारीख से दो साल का होगा।

इन अकादमियों में हुई नई नियुक्तियां

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सरकार ने अलग-अलग अकादमियों के लिए विशेषज्ञों और विद्वानों की टीम तैयार की है, जिसका विवरण इस प्रकार है:

  • हिंदी अकादमी: कुल 20 सदस्य, जिनमें अनिल अग्रवंशी उपाध्यक्ष होंगे। इसमें 15 मनोनीत और दो पूर्व-ऑफिसियो सदस्य शामिल हैं।
  • संस्कृत अकादमी: कुल 18 सदस्य, जहां प्रोफेसर यशवीर सिंह उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।
  • गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी अकादमी: कुल 17 सदस्य, जिसमें डॉ. धीरज जोशी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
  • मैथिली-भोजपुरी अकादमी: कुल 22 सदस्य, जिसमें बिपिन बिहारी उपाध्यक्ष होंगे।
  • पंजाबी अकादमी: कुल 24 सदस्य, जहां सरदार इमप्रीत सिंह बख्शी उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे।

इन सभी अकादमियों में दिल्ली सरकार के वित्त विभाग के प्रधान सचिव और कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के सचिव पूर्व-ऑफिसियो सदस्यों के रूप में शामिल रहेंगे। वहीं, संबंधित अकादमियों के सचिव सदस्य सचिव की भूमिका निभाएंगे।

मंत्री कपिल मिश्रा ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा कि नई गवर्निंग काउंसिलों में सांस्कृतिक क्षेत्र के अनुभवी लोगों, विद्वानों और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। उनका मुख्य उद्देश्य दिल्ली की समृद्ध भाषाई विरासत का संरक्षण करना और इसे बढ़ावा देना है, ताकि सांस्कृतिक गतिविधियां समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकें।

Share:

Comments

Leave a comment