दिल्ली के पूर्वी जिला स्थित गांधी नगर थाना क्षेत्र की नामदेव गली में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। 30 वर्षीय दीपक की छत से नीचे गिरने से मौत हो गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा था या युवक को धक्का दिया गया था।
अधिकारियों को सुबह करीब 5:20 बजे एक घायल व्यक्ति के सड़क पर पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गांधी नगर थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने गंभीर हालत में दीपक को पाया, जो छत से नीचे गिर गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर क्राइम सीन इन्वेस्टिगेटर और फॉरेसिक एक्सपर्ट्स को तैनात किया गया ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।
जांचकर्ता आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि गिरने से पहले दीपक क्या कर रहा था और उसके साथ कोई था या नहीं।
मूल रूप से बिहार के किशनगंज के पिपला के रहने वाले दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का सही खुलासा हो पाएगा। मामले की जांच अभी जारी है।