दिल्ली में बड़ी कार्रवाई: मोरी गेट मंडी से 7000 किलो मिलावटी खोया जब्त कर नष्ट किया
दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट मंडी से 7000 किलो मिलावटी खोया जब्त कर नष्ट किया। सीएम रेखा गुप्ता ने की कार्रवाई की निगरानी।

दिवाली के त्योहार से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। मंगलवार को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में छापेमारी के दौरान विभाग ने लगभग 7,000 किलोग्राम मिलावटी और बदबूदार खोया जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि त्योहारों के सीजन में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल लैब ने पकड़ी मिलावट, 35 सैंपल फेल
इस ऑपरेशन के दौरान विभाग ने कुल 44 निगरानी नमूने (सर्वेलांस सैंपल) इकट्ठे किए। 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' मोबाइल सुविधा के जरिए मौके पर ही जांच की गई, जिसमें 35 सैंपल क्वालिटी टेस्ट में फेल पाए गए। दो अन्य नमूनों को विस्तृत विश्लेषण के लिए लैब भेजा गया है। शुरुआती जांच में इस संदिग्ध खोये में मिल्क पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग एजेंट की मौजूदगी पाई गई है।
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की सतर्कता की सराहना की और उन्हें इसी तरह की प्रतिबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में उन लोगों के लिए कोई जगह नहीं है जो दिवाली की खुशियों के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं।
गौरतलब है कि त्योहारों के मद्देनजर सरकार लगातार मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चला रही है। इससे पहले 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट किया गया था। मोरी गेट की इस ताजा कार्रवाई के साथ अब कुल 10,660 किलोग्राम मिलावटी खोया नष्ट किया जा चुका है।