दिवाली से पहले दिल्ली में फूड सेफ्टी विभाग का एक्शन, 100 किलो खराब खाद्य पदार्थ नष्ट

दिवाली से पहले दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूषित दूध और खोया सहित 100 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए।

Kittu Kumari6 November 20261 min read0 viewsDelhi Local
दिवाली से पहले दिल्ली में फूड सेफ्टी विभाग का एक्शन, 100 किलो खराब खाद्य पदार्थ नष्ट

दिवाली के त्यौहार से पहले दिल्ली सरकार ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग ने राजधानी के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और दूषित पाए गए करीब 100 किलोग्राम खाद्य उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई उत्तर-पूर्व, पूर्व, शाहदरा, दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के इलाकों में की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जो मंजर देखा, वह हैरान करने वाला था। मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में जांच के दौरान दूध में मच्छर और मक्खियां तैरती मिलीं। इतना ही नहीं, वहां रखे खोये और रसगुल्लों से असहनीय बदबू आ रही थी, जो साफ तौर पर यह बता रहा था कि ये खाने लायक नहीं थे। वहीं, निहाल विहार इलाके में एक कन्फेक्शनरी यूनिट पर शिकायत मिलने के बाद छापा मारा गया, जहां पता चला कि वह बिना किसी FSSAI रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से चल रही थी।

सैंपल लिए गए, कई दुकानों को नोटिस

विभाग ने केवल सामान नष्ट ही नहीं किया, बल्कि गुणवत्ता की जांच के लिए पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन, खोया और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक जैसे 40 नमूने (सैंपल) इकट्ठे कर लैब भेजे हैं। स्वच्छता और हाइजीन के मानकों पर खरा न उतरने वाली आठ दुकानों और फैक्ट्रियों को सुधार नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि त्यौहारों के सीजन में डेयरी और मिठाई की दुकानों की निगरानी और कड़ी की जाए। सरकार ने साफ किया है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों पर नकेल कसी जाएगी।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment