दिवाली पर मिलावटखोरों की खैर नहीं, दिल्ली सरकार ने तेज की फूड सेफ्टी चेकिंग
दिल्ली सरकार ने दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान छेड़ा है। भारी मात्रा में खराब खोया और मिठाई जब्त की गई।

दीपावली के त्योहार के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ दिल्ली सरकार ने कमर कस ली है। दिल्ली सरकार के फूड सेफ्टी विभाग ने शहर में खाद्य उत्पादों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सख्त निर्देशों के बाद विभाग अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रहा है, ताकि बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और डेयरी उत्पादों में किसी भी तरह की मिलावट या गंदगी न हो।
इस अभियान के तहत विभाग की टीमें उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के इलाकों में लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं। 6 नवंबर 2026 तक की कार्रवाई में अधिकारियों ने मिठाई की दुकानों, डेयरी और फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स से करीब 40 सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।
मंडोली में कीड़े वाली मिठाई और मोरी गेट पर टन भर खोया नष्ट
निरीक्षण के दौरान कई ऐसी चौंकाने वाली चीजें सामने आईं जो आम जनता की सेहत के लिए बड़ा खतरा थीं। मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी यूनिट पर छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने करीब 100 किलो खराब सामान नष्ट किया, जिसमें दूषित दूध, बदबूदार खोया और कीड़ों से भरे रसगुल्ले शामिल थे।
इससे पहले 3 नवंबर को मोरी गेट खोया मार्केट में एक बड़ी कार्रवाई हुई, जहां करीब 7,000 किलो अस्वास्थ्यकर खोया जब्त कर नष्ट किया गया। इस पूरे फेस्टिव सीजन के दौरान अब तक कुल 10,660 किलोग्राम घटिया क्वालिटी के खोये को बाजार से हटाया जा चुका है।
विभाग की टीमें अब सार्वजनिक छुट्टियों के दिन भी एक साथ कई जिलों में छापेमारी कर रही हैं ताकि दुकानदार निरीक्षण से बच न सकें। जिन दुकानों में साफ-सफाई की कमी पाई गई, उन्हें सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही, बिना FSSAI रजिस्ट्रेशन के चल रही यूनिट्स को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।