त्योहारों पर मिलावटखोरों की खैर नहीं, दिल्ली सरकार ने मिठाई दुकानों और फैक्ट्रियों में मारा छापा

दिल्ली सरकार ने त्योहारों के मद्देनजर मिठाई दुकानों और डेयरी पर छापेमारी की, 100 किलो खराब सामान नष्ट किया।

Kittu Kumari6 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
त्योहारों पर मिलावटखोरों की खैर नहीं, दिल्ली सरकार ने मिठाई दुकानों और फैक्ट्रियों में मारा छापा

दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान दिल्लीवासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर दिल्ली सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) द्वारा शहर में एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद मिल सकें। इस मुहिम के तहत उत्तर-पूर्व, पूर्व, शाहदरा, दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेरियों और फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की सघन जांच की गई है।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान विभाग की टीमों ने मिठाई और डेयरी उत्पादों सहित कुल 40 नमूने (सैंपल्स) एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। सबसे चौंकाने वाला मामला मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में सामने आया, जहां बेहद गंदगी मिली। यहां मक्खियों और मच्छरों से दूषित दूध, रसगुल्ले और बदबूदार खोया पाया गया। स्वास्थ्य के साथ इस गंभीर खिलवाड़ को देखते हुए विभाग ने मौके पर ही करीब 100 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कर दिया।

बिना रजिस्ट्रेशन चल रही थी यूनिट, 8 दुकानों को नोटिस

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विभाग की टीम ने जब उत्तर-पूर्व, पूर्व और शाहदरा क्षेत्रों का दौरा किया, तो वहां खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू और गुलाब जामुन जैसे 22 सैंपल लिए गए। वहीं दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिल्ली में भी विशेष अभियान चलाकर 12 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहां से 18 नमूने लिए गए। इसके अलावा, निहाल विहार स्थित एक मिठाई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के खिलाफ शिकायत मिलने पर छापेमारी की गई। जांच में पता चला कि यह यूनिट बिना FSSAI रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से काम कर रही थी, जिसके बाद वहां से तीन सैंपल लिए गए।

जांच के दौरान केवल मिलावट ही नहीं, बल्कि साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों की भी पड़ताल की गई। जिन 8 प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की कमी पाई गई, उन्हें सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

"त्योहारों की खुशी तभी सार्थक है जब हर परिवार तक पहुंचने वाला भोजन शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक हो। मिलावट और गंदगी सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है, जिसे दिल्ली सरकार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।"

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मिठाई दुकानों और डेरियों का नियमित निरीक्षण किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि एक ऐसा सिस्टम बनाना है जिससे दिल्लीवासियों को साल भर, खासकर त्योहारों के समय, भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाला सामान मिल सके।

Share:

Comments

Leave a comment