दिल्ली में मिलावटखोरी पर बड़ा प्रहार: फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी, 85 सैंपल निकले असुरक्षित
दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग ने मिलावटी खाने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। 85 सैंपल असुरक्षित मिले और 4000 किलो मिलावटी सामान जब्त किया गया।

राजधानी दिल्ली में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग कार्रवाई में जुटा है। पिछले दो महीनों से चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत विभाग ने शहर भर में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इस मुहिम के दौरान कुल 290 फूड सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 85 सैंपल असुरक्षित या घटिया स्तर के पाए गए हैं।
विभाग की इस सख्ती ने मिलावट करने वालों की नींद उड़ा दी है। अधिकारियों ने अब तक करीब 4,000 किलोग्राम से ज्यादा मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त कर उन्हें नष्ट कर दिया है। जब्त किए गए सामानों में मुख्य रूप से पनीर, खोया, घी और तरह-तरह की मिठाइयां शामिल हैं। यह कार्रवाई केवल दुकानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मोरी गेट खोया मंडी जैसे बड़े थोक बाजारों से लेकर निहाल विहार की अवैध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स तक की गई है।
रेस्टोरेंट से लेकर ऑनलाइन डार्क स्टोर्स तक जांच का दायरा
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस बार अपने जांच के दायरे को काफी विस्तृत रखा है। छापेमारी के दौरान न केवल रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और रिटेल दुकानों की जांच हुई, बल्कि अस्पतालों की किचन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स जैसे ब्लिंकिट (Blinkit), अमेज़न, रिलायंस, जोमैटो और स्विगी के 'डार्क स्टोर्स' की भी तलाशी ली गई। इतना ही नहीं, अब उन वेंडर्स पर भी विभाग की नजर है जो इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए खाने-पीने का सामान बेच रहे हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साल भर चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहारों के अलावा भी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विभाग अब अपने उपकरणों को आधुनिक बनाने और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की योजना पर भी काम कर रहा है।
सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना:
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसमें लाइसेंस रद्द करने, भारी जुर्माना लगाने, एफआईआर दर्ज करने और दोषी ब्रांड्स को ब्लैकलिस्ट करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों को यह अधिकार भी दिया गया है कि वे नियम तोड़ने वालों की पहचान सार्वजनिक करें।
हाल ही में 28 और 29 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस के सहयोग से शिव विहार, नजफगढ़ और भोगल इलाकों में छापेमारी कर करीब 950 लीटर घी जब्त किया गया। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी तरह के मिलावटी, एक्सपायर या घटिया खाद्य पदार्थ की जानकारी मिले, तो वे ऑफिस समय के दौरान हेल्पलाइन नंबर 1800-11-3921 पर संपर्क करें।