त्योहारी सीजन में दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग का एक्शन, 7 बेकरी यूनिट्स की जांच

दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर बेकरी यूनिट्स की जांच की और भारी मात्रा में मिलावटी खोया नष्ट किया।

Kittu Kumari28 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
त्योहारी सीजन में दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग का एक्शन, 7 बेकरी यूनिट्स की जांच

त्योहारों के समय जब बाजारों में मिठाइयों और बेकरी प्रोडक्ट्स की मांग सबसे ज्यादा होती है, तब दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर विभाग ने राजधानी की सात बड़ी बेकरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स और रिटेल दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई का मुख्य मकसद यह सुनिश्चित करना था कि त्योहारों की भीड़ के बीच स्वच्छता और नियमों की अनदेखी न की जाए।

विभाग की टीमों ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों जैसे कनॉट प्लेस, ग्रेटर कैलाश-II, कैलाश कॉलोनी, शकूरबस्ती, मायापुरी और पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने कुकीज, बिस्कुट, पनीर, लो-फैट क्रीम, डार्क कंपाउंड, मेथी मठरी और मलाई सेव जैसे कई उत्पादों के 10 सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। निरीक्षण के बाद पटपड़गंज स्थित 'हनी एंड डो' और मायापुरी के 'सतगुरु एजेंसीज' को सुधार नोटिस जारी करने की सिफारिश की गई है।

मोरी गेट मार्केट से 520 किलो खराब खोया नष्ट

सिर्फ बेकरी ही नहीं, विभाग ने डेयरी प्रोडक्ट्स पर भी अपनी पैनी नजर रखी। इसी कड़ी में मोरी गेट खोया मार्केट में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने 520 किलोग्राम खराब खोया और छेना जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने चिंता जताई कि हापुड़, मोदीनगर और नूह जैसे बाहरी इलाकों से आने वाले डेयरी उत्पादों में मिलावट की समस्या बनी हुई है। जांच में पाया गया है कि कुछ उत्पादों में यूरिया और डिटर्जेंट जैसे खतरनाक रसायन मिलाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटर्स को सख्त हिदायत दी है कि वे सुरक्षा और स्वच्छता के तय मानकों का पालन करें, वरना कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment