मिलावटखोरों की अब खैर नहीं! दिल्ली सरकार चलाएगी साल भर अभियान, भारी मात्रा में घी जब्त
दिल्ली सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ साल भर चलने वाला अभियान शुरू किया है। शिव विहार और नजफगढ़ समेत कई जगहों से भारी मात्रा में घी जब्त।

राजधानी दिल्ली में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ सरकार ने अब आर-पार की जंग छेड़ दी है। दिल्ली फूड एडल्ट्रेशन कैंपेन के तहत प्रशासन ने छापेमारी तेज कर दी है, ताकि बाजार में बिकने वाले मिलावटी सामान पर लगाम कसी जा सके। इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के तीन प्रमुख इलाकों में दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में संदिग्ध घी बरामद किया गया है।
विभाग की टीम ने भोगाल मार्केट, नजफगढ़ मार्केट और शिव विहार में छापेमारी की। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 948.9 लीटर घी जब्त किया गया है। खास बात यह है कि शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन में 221 लीटर घी पकड़ा गया। वहीं, भोगाल और नजफगढ़ मार्केट से घी के 15 सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ब्रांडेड कंपनियां भी नहीं बचेंगी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अभियान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ किया है कि यह कोई मौसमी कार्रवाई नहीं है, बल्कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान पूरे साल चलेगा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि चाहे कोई छोटी दुकान हो या कोई बड़ी ब्रांडेड कंपनी, अगर जनता की सेहत के साथ समझौता किया गया तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस मुहिम को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को आधुनिक टेस्टिंग तकनीक का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जांच के दायरे को बढ़ाने के लिए अन्य विभागों से अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती को भी मंजूरी दे दी गई है।
दोषियों पर होगी यह कार्रवाई:
- दोषी ब्रांड्स को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
- भारी जुर्माना लगाया जाएगा और बिजनेस लाइसेंस रद्द होंगे।
- गंभीर मामलों में सीधे FIR दर्ज कराई जाएगी।
सरकार ने आम जनता से भी अपील की है कि वे जागरूक रहें। अगर किसी को भी मिलावटी सामान या एक्सपायर हो चुके प्रोडक्ट्स की जानकारी मिलती है, तो वे खाद्य सुरक्षा विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1800-11-3921 पर वर्किंग ऑवर्स के दौरान शिकायत दर्ज करा सकते हैं।