त्योहारों पर मुस्तैद रही दिल्ली फायर सर्विस, 1098 इमरजेंसी कॉल्स का किया निपटारा; गृह मंत्री ने की तारीफ
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने त्योहारों के दौरान DFS की मुस्तैदी की तारीफ की और 47 कर्मियों को सब-ऑफिसर के पद पर प्रमोट किया।

दशहरा, दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के दौरान जब पूरी दिल्ली जश्न में डूबी थी, तब दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के जवान शहर की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तैनात रहे। दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने एक सम्मान समारोह के दौरान बताया कि इन सात मुख्य त्योहारी दिनों के दौरान फोर्स ने कुल 1,098 इमरजेंसी कॉल्स का तेजी से निपटारा किया।
मंत्री आशीष सूद ने 19 नवंबर को आयोजित एक कार्यक्रम में 47 नए सब-ऑफिसर्स को उनके प्रमोशन पर बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने DFS के जवानों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि जहां आम लोग अपनी जान बचाने के लिए खतरे से दूर भागते हैं, वहीं हमारे फायरफाइटर्स अपनी जान जोखिम में डालकर आग और खतरों के बीच कदम रखते हैं। यही इस वर्दी का असली गौरव है।
संवेदनशील इलाकों में रही विशेष तैनाती
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए दिल्ली फायर सर्विस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। गृह मंत्री ने जानकारी दी कि इस दौरान जवानों ने अपनी छुट्टियां और साप्ताहिक अवकाश तक रद्द कर दिए थे ताकि बाजारों, रामलीला मैदानों और यमुना घाटों पर निगरानी रखी जा सके।
- कुल 218 स्पेशल स्टैंड-बाय यूनिट्स तैनात की गईं।
- 730 फायरफाइटर्स को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया था।
- सभी फायर स्टेशनों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया।
- कुल 722 आग लगने की शिकायतों और 376 रेस्क्यू ऑपरेशंस को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
गृह मंत्री ने पदोन्नत हुए अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कंधों पर लगी नई पट्टियां केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक हैं। उन्होंने अधिकारियों से जूनियर स्टाफ का मार्गदर्शन करने और हर परिस्थिति में नेतृत्व का उदाहरण पेश करने का आह्वान किया।
आशीष सूद ने फायरफाइटर्स के परिवारों को भी विशेष सलाम किया। उन्होंने कहा कि जब एक जवान खतरे में जाता है, तो उसका परिवार भी उतनी ही चिंता और अनिश्चितता झेलता है, इसलिए वे इस सफलता में बराबर के भागीदार हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार 'प्रिवेंशन, प्रिपेयर्डनेस, रिस्पॉन्स और रिकवरी' के मंत्र पर चलते हुए फोर्स को आधुनिक तकनीक और उन्नत प्रशिक्षण से लैस कर रही है।