दिल्ली में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए 'एहसास 2026' पॉलिसी लॉन्च, LG और CM ने किया आगाज
दिल्ली सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों के लिए 'एहसास 2026' पॉलिसी शुरू की है, ताकि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और वेल-बीइंग पर ध्यान दिया जा सके।

दिल्ली के स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले लाखों छात्रों के लिए एक बड़ी पहल की गई है। गुरुवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक रवि शंकर ने 'एहसास 2026' Mental Health and Well-Being Policy को लॉन्च किया। इस नई पॉलिसी का मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इस विषय पर खुलकर बात करने के लिए एक सुरक्षित माहौल तैयार करना है।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री आशीष सूद और पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा सहित हजारों लोग मौजूद थे। इस मौके पर उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि आज के दौर में जब युवा बढ़ते तनाव का सामना कर रहे हैं, ऐसे में मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को शिक्षा का हिस्सा बनाना समय की मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी बच्चे के साथ उसकी पृष्ठभूमि या क्षमताओं के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए और दिव्यांग बच्चों व वंचित समुदायों को समान अवसर और समर्थन मिलना चाहिए।
पॉलिसी की खासियतें और कार्यान्वयन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 'एहसास' पॉलिसी को दिल्ली के सभी स्कूलों और कॉलेजों में लागू किया जाएगा। इसका मकसद छात्रों को उनके जीवन के विभिन्न चरणों में निरंतर सहयोग और आश्वासन देना है, ताकि वे मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बन सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि हर बच्चा खुशी, सकारात्मकता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े और उसे यह भरोसा हो कि शिक्षक और माता-पिता हर चुनौती में उसके साथ खड़े हैं।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इस नीति को बच्चों की भावनात्मक जरूरतों को समझने और उन्हें उचित सहायता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने इस पॉलिसी को तैयार करने में सहयोग देने के लिए गुरुदेव रवि शंकर, आर्ट ऑफ लिविंग, यूनेस्को (UNESCO) और IHBAS जैसे विशेषज्ञ संस्थानों का आभार व्यक्त किया।
इस पॉलिसी की सबसे खास बात यह है कि इसके तहत केवल शिक्षकों को ही नहीं, बल्कि स्कूल के प्रिंसिपल्स, काउंसलर्स, अधिकारियों, ड्राइवरों और आयाओं सहित अन्य सपोर्ट स्टाफ को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे वे बच्चों के व्यवहार में आने वाले बदलावों को शुरुआती स्तर पर ही पहचान सकेंगे और संवेदनशीलता के साथ उनकी मदद कर पाएंगे। इस पहल का लक्ष्य छात्रों को यह सिखाना है कि असफलता से सीखना और मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत की निशानी है।