छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए दिल्ली सरकार ने लॉन्च की 'अहसास 2026' पॉलिसी
दिल्ली सरकार ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए 'अहसास 2026' पॉलिसी शुरू की है, जिसमें काउंसलर और वेलबीइंग सेंटर की सुविधा होगी।

दिल्ली सरकार ने राजधानी के छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती को प्राथमिकता देते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा विभाग की अगुवाई में गुरुवार को 'अहसास 2026' (Ehsaas 2026) मानसिक स्वास्थ्य और वेल-बीइंग पॉलिसी को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया। इस नई पहल का मकसद नर्सरी से लेकर उच्च शिक्षा तक के छात्रों के बीच भावनात्मक स्वास्थ्य को पढ़ाई का हिस्सा बनाना है। यह पॉलिसी न केवल सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों, बल्कि प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों में भी लागू होगी, जिससे 29 साल तक के युवाओं को मदद मिल सकेगी।
इस पॉलिसी की सबसे खास बात यह है कि अब स्कूलों और कॉलेजों में काउंसलर्स की तैनाती के लिए एक निश्चित अनुपात तय किया गया है। स्कूलों में हर 500 छात्रों पर एक काउंसलर और उच्च शिक्षा संस्थानों में हर 100 छात्रों पर एक काउंसलर अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि ये काउंसलर प्रशासनिक या अनुशासन संबंधी कामों से पूरी तरह अलग रहेंगे, ताकि छात्र बिना किसी डर के अपनी समस्याएं उनके साथ साझा कर सकें।
मानसिक स्वास्थ्य के लिए जिला स्तर पर बनेंगे विशेष केंद्र
सरकार ने मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और थेरेपी के लिए जिला स्तर पर 'वेल-बीइंग सेंटर' स्थापित करने का निर्णय लिया है। गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए इसमें छह स्तरों वाला एक एस्केलेशन मैकेनिज्म बनाया गया है। स्कूलों में वेल-बीइंग कमेटियां और वेलनेस टीमें बनाई जाएंगी, जो शुरुआती स्तर पर ही बच्चों के तनाव या परेशानी की पहचान कर सकेंगी। इतना ही नहीं, छात्रों के संपर्क में आने वाले सभी शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और ट्रांसपोर्ट स्टाफ का भी साइकोमेट्रिक असेसमेंट किया जाएगा।
पॉलिसी के तहत परीक्षा का दबाव, एंग्जायटी, डिप्रेशन और डिजिटल व्यवहार जैसे मुद्दों पर खास ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, बुलिंग, साइबर बुलिंग और भेदभाव की शिकायतों के लिए गोपनीय रिपोर्टिंग सिस्टम भी बनाया जाएगा। इस लॉन्च इवेंट में उपराज्यपाल तरुणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आर्ट ऑफ लिविंग के श्री श्री रवि शंकर और पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा मौजूद थे। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जोर देकर कहा कि अब ध्यान सिर्फ एकेडमिक रिजल्ट्स पर नहीं, बल्कि बच्चे के सर्वांगीण स्वास्थ्य पर होगा।
इस पहल का स्वागत छात्रों और शिक्षकों दोनों ने किया है। 11वीं कक्षा के एक छात्र ने कहा कि यह पॉलिसी फेल होने के डर और बेहतर प्रदर्शन करने के भारी दबाव को कम करने में मददगार साबित होगी।