दिल्ली: पंजाबी बाग में DTC बस ने ली 22 साल के युवक की जान, मौके पर मौत
पंजाबी बाग इलाके में DTC बस और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में सोनू नाम के युवक की जान चली गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

राजधानी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार DTC बस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को रौंद दिया। इस भीषण टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 28 अक्टूबर की सुबह करीब 7:23 बजे हुआ। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो पंजाबी बाग के इंदिरा कॉलोनी का निवासी था। जैसे ही यह घटना घटी, दिल्ली पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सोनू के परिवार के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं है। वह अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ रहता था। उसके पिता एक चिकन शॉप चलाते हैं और मां गृहिणी हैं। सोनू का 17 साल का छोटा भाई विकास है, जो डिलीवरी बॉय का काम करता है। घर के जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे के वक्त बस की रफ्तार कितनी थी और टक्कर किस वजह से हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अब इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार DTC बस की पहचान की जा सके और ड्राइवर को पकड़ा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के मुताबिक आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।