दिल्ली की डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत ने नेहरू नगर में सफाई और नागरिक सुविधाओं का किया औचक निरीक्षण

दिल्ली की डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत ने मंगलवार, 15 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी जोन के वार्ड नंबर 144 स्थित नेहरू नगर का औचक निरीक्षण किया। यह दौरा स्वच्छ भारत अभियान और दिल्ली कचरा-मुक्त अभियान के तहत शहर को साफ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के प्रयासों का हिस्सा था। इस दौरान डिप्टी मेयर ने साफ-सफाई व्यवस्था, पार्कों, गलियों और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपने निरीक्षण के दौरान डॉ. पंत ने म्युनिसिपल प्राइमरी स्कूल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और विभिन्न स्थानीय पार्कों का दौरा किया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उन्होंने मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में बातचीत की और स्टाफ के साथ मेडिकल रजिस्टरों व दवा स्टॉक रिकॉर्ड की समीक्षा की। इलाके की टूटी-फूटी सड़कों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मरम्मत कार्य तेज करने के आदेश दिए ताकि जनता को कोई असुविधा न हो।
पार्कों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने रखरखाव और सफाई की स्थिति का मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों को घरों और रास्तों की तरफ लटक रही पेड़ों की अधिक बढ़ी हुई शाखाओं को छांटने का आदेश दिया। डॉ. पंत ने कहा कि नगर निगम एक स्वच्छ और हरा-भरा शहर बनाने को प्राथमिकता दे रहा है और अधिकारियों को नियमित रूप से रखरखाव कार्यों की निगरानी करने तथा जन शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा।
इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद अर्जुन पाल सिंह मारवाह, दक्षिण-पूर्वी जोन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. सचिन गुप्ता और नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।