दिल्ली की डिप्टी मेयर ने गिरधारी लाल अस्पताल का किया दौरा, चार करोड़ रुपये मंजूर

दिल्ली की डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत ने सोमवार को गिरधारी लाल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-फाई और अस्पताल के ढांचे का जायजा लिया। डिप्टी मेयर ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ स्थानीय पार्षद किरण बाला, अतिरिक्त कमिश्नर पंकज नरेश अग्रवाल, अस्पताल प्रशासन निदेशक डॉ. ए.एन. माथुर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
- डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत ने सोमवार को गिरधारी लाल अस्पताल का किया निरीक्षण।
- अस्पताल के ढांचे में सुधार के लिए करीब चार करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई।
- मरीजों को सस्ती दवाइयां देने के लिए जन औषधि केंद्र खोलने की घोषणा की गई।
- अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस मशीन और आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए जाएंगे।
अस्पताल के ढांचे और सुविधाओं में सुधार
डिप्टी मेयर ने अस्पताल में साफ-सफाई के उच्च स्तर को बनाए रखने पर जोर दिया। अस्पताल के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगभग चार करोड़ रुपये के फंड की घोषणा की गई है। इस राशि का उपयोग बुनियादी सुविधाओं को अपग्रेड करने के लिए किया जाएगा, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर माहौल मिल सके। इसके अलावा अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस मशीनों सहित आधुनिक चिकित्सा मशीनें और उपकरण लगाए जाएंगे। मरीजों की जरूरत के हिसाब से अन्य मेडिकल उपकरण भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे।
मरीजों से बातचीत और नई घोषणाएं
दौरे के दौरान डॉ. पंत ने इलाज की गुणवत्ता और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी लेने के लिए मरीजों और उनके साथ आए लोगों से बातचीत की। मरीजों को किफायती और अच्छी क्वालिटी की जेनेरिक दवाइयां आसानी से मिल सकें, इसके लिए अस्पताल में जन औषधि स्टोर खोलने की घोषणा भी की गई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की जरूरतों को प्राथमिकता देने, संसाधनों का सही इस्तेमाल करने और साफ-फाई तथा मेडिकल सप्लाई चेन की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।