Delhi Crime Branch: इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 2 नाइजीरियाई समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

Kittu Kumari9 August 20262 min read48 viewsDelhi Local
Delhi Crime Branch: इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 2 नाइजीरियाई समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर में चल रहे इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच ने भारी मात्रा में हेरोइन और एमडीएमए जब्त करने के साथ 2 नाइजीरियाई, 1 घाना के नागरिक और 2 भारतीयों समेत 5 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोरिस ओकाली (52 वर्ष, नाइजीरियाई नागरिक), इबेग्बू चिगोजी सैमुअल (लागोस, नाइजीरिया नागरिक, उम्र लगभग 50 वर्ष), इमैनुएल (अकरा, घाना नागरिक, उम्र लगभग 38 वर्ष), समीर उर्फ नन्हे (निवासी नंद नगरी, दिल्ली, उम्र 28 वर्ष) और एक महिला (निवासी शालीमार गार्डन, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, उम्र लगभग 36 वर्ष) के रूप में हुई है।

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि ईस्टर्न रेंज-I ने दिल्ली-एनसीआर इलाके में अच्छी क्वालिटी की हेरोइन और एमडीएमए की भारी मात्रा में खरीद, कब्जे और वितरण में शामिल एक इंटरनेशनल ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जांच से पता चला है कि आरोपी नशीले पदार्थों की थोक और खुदरा सप्लाई में सक्रिय रूप से शामिल थे। यह कार्रवाई दिल्ली क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर लिछमन की टीम द्वारा की गई, जिसमें एसआई विजेंद्र सिंह, एसआई अरविंद कुमार, एसआई शैलेंद्र तिवारी, एएसआई जोगिंदर, एएसआई बीप्ति, हेड कांस्टेबल सूर्य प्रकाश और हेड कांस्टेबल महा सिंह शामिल थे। क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-I के एसीपी सुनील श्रीवास्तव की कड़ी निगरानी और क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव की समग्र देखरेख में 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत यह ऑपरेशन चलाया गया।

गुप्त निगरानी के बाद टीम ने संदिग्ध मोरिस ओकाली को पकड़ा और उसके पास से 2.004 किलोग्राम हेरोइन और 863 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इसके बाद दिल्ली के क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22 के तहत एफआईआर नंबर 191 दर्ज की गई। मोरिस ओकाली की जानकारी पर पुलिस ने घाना के नागरिक इमैनुएल और नाइजीरिया के नागरिक इबेगबु चिगोजी सैमुअल को पकड़ा, जिनके पास से क्रमशः 14 ग्राम एमडीएमए और 254 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा, गाजियाबाद से समीर उर्फ नन्हे को 300 ग्राम हेरोइन के साथ और एक महिला को पश्चिम विहार, दिल्ली से पकड़ा गया।

छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और नियंत्रण से पुलिस ने 2.554 किलोग्राम हेरोइन, 881 ग्राम एमडीएमए और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद ड्रग्स की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 12 करोड़ रुपए है। क्राइम ब्रांच की ओर से गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने, उनकी भूमिकाओं का पता लगाने और पूरे सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिशें जारी हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए आईएएनएस की रिपोर्ट देखी जा सकती है।

Share:

Comments

Leave a comment